Sampark Kranti Express Damoh : दमोह रेलवे स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक ट्रेन में सांप दिखाई दिया। संपर्क क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस में यह घटना घटी। ट्रेन के एसी कोच में सफर कर रहे एक यात्री ने सांप दिखने की बात कही। इससे सभी लोग घबरा उठे और अपनी सीट छोड़कर भागे। दमोह रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को उतारकर सपेरों और रेलवे की टीम ने सांप की तलाश की। 35 मिनट तक सर्चिंग करने के बाद भी सांप नहीं मिला। इसके बाद ट्रेन को रवाना कर दिया गया।
यात्री अपनी सीट छोड़कर सुरक्षित स्थान की तलाश में जुट गए
जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली संपर्क क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस में रविवार रात सांप निकलने की सूचना से हड़कंप की स्थिति बन गई। ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री ने कोच में सांप देखने की जानकारी दी, जिसके बाद सभी यात्रियों में दहशत फैल गई। कई यात्री अपनी सीट छोड़कर सुरक्षित स्थान की तलाश में जुट गए।
सुरक्षा के लिहाज से कोच में सवार यात्रियों को बाहर कर दिया
संपर्क क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस के बी-3 एसी थ्री-टियर कोच में सांप देखे जाने की सूचना रेलवे अधिकारियों को भी दी गई। ट्रेन रात करीब 10.15 बजे दमोह रेलवे स्टेशन पहुंची थी। सूचना मिलते ही रेलवे टीम के साथ सपेरों को बुलाया गया और बी-3 कोच में सांप की तलाश शुरू की गई। सुरक्षा के लिहाज से कुछ समय के लिए कोच में सवार यात्रियों को भी बाहर कर दिया गया। इसके बाद सीटों के नीचे, बर्थ के आसपास और कोच के अन्य हिस्सों में काफी देर तक सर्चिंग की गई।
करीब 35 मिनट तक ट्रेन दमोह स्टेशन पर खड़ी रही, लेकिन काफी तलाश के बाद भी सांप का कोई पता नहीं चल सका। सांप नहीं मिलने के बावजूद कोच में सवार यात्रियों की चिंता बनी रही। रात करीब 10.52 बजे तक ट्रेन स्टेशन से रवाना की गई। यात्रियों में इस बात को लेकर भी असमंजस बना रहा कि सांप वास्तव में कोच में आया था या किसी अन्य हिस्से में चला गया।
सपेरों के साथ सर्चिंग कराई गई, लेकिन कुछ नहीं मिला
जीआरपी सहायता केंद्र प्रभारी जुम्मन शेख ने बताया कि सूचना पर सपेरों के साथ सर्चिंग कराई गई, लेकिन कुछ भी नहीं मिला है। बर्थ 41 और 42 को खाली कराकर दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है और ट्रेन आगे के लिए रवाना हो गई है।

