ट्रक की टक्कर से सरपंच के बेटे की मौत:मां को दवा दिलाने हिसार गया, चाचा के साथ बाइक पर लौट रहा था

ट्रक की टक्कर से सरपंच के बेटे की मौत:मां को दवा दिलाने हिसार गया, चाचा के साथ बाइक पर लौट रहा था

हांसी के गांव सुल्तानपुर में एक सड़क हादसे में सरपंच पवन कुमार के 16 वर्षीय बेटे लव की मौत हो गई। लव मंगलवार सुबह अपनी मां को हिसार में दवा दिलवाने के बाद गांव लौट रहा था। उसके साथ रिश्ते में चाचा लगने वाले प्रदीप भी मोटरसाइकिल पर सवार थे। लाडवा और हिसार के बीच एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे लव की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, लव मंगलवार सुबह करीब 11 बजे अपनी मां को दवा दिलवाने के लिए मोटरसाइकिल पर हिसार ले गया था। मां को हिसार छोड़ने के बाद वह अपने चाचा प्रदीप के साथ वापस सुल्तानपुर लौट रहा था। लाडवा और हिसार के बीच पहुंचने पर प्रदीप पेशाब करने के लिए बाइक से उतर गए, जबकि लव मोटरसाइकिल पर ही बैठा रहा। पीछे से आया तेज रफ्तार ट्रक इसी दौरान पीछे से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि लव गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद प्रदीप ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर थाना हिसार पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर घटनास्थल से कुछ दूरी पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और आरोपी ड्राइवर की पहचान व तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। दो भाइयों में बड़ा था लव मृतक लव कुमार दो भाइयों में बड़ा था, जबकि उसका छोटा भाई अभी पढ़ाई कर रहा है। महज 16 वर्ष की उम्र में बेटे की दर्दनाक मौत से सरपंच पवन कुमार के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जवान होते बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। हादसे के बाद मंगलवार को लव के शव को हांसी के सामान्य अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस फरार ट्रक ड्राइवर की पहचान करने में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *