सीतापुर के शहर कोतवाली क्षेत्र के नारायण नगर मोहल्ले में मंगलवार रात एक पांच वर्षीय बच्चे को टॉफी दिलाने के बहाने से अपने साथ ले जाने का प्रयास करने का मामला सामने आया। महिला की गतिविधियों पर शक होने के बाद मोहल्ले के लोगों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, महिला शराब के नशे में थी। जानकारी के अनुसार, नारायण नगर निवासी प्रमोद गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पांच वर्षीय भतीजा अयान गुप्ता मंगलवार रात करीब 9 बजे घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात महिला वहां पहुंची और बच्चे को टॉफी दिलाने के बहाने उसका हाथ पकड़कर आगे ले जाने लगी। बच्चे को महिला के साथ जाते देखकर आसपास मौजूद लोगों को शक हुआ। लोगों ने महिला को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह आगे बढ़ती रही। इसके बाद मोहल्ले के लोगों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। आरोप है कि पकड़े जाने के बाद महिला ने लोगों के साथ अभद्रता की। डायल 112 पर दी सूचना घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले के लोगों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर शहर कोतवाली ले गई। घटना के बाद मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। बच्चे के परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस को तहरीर देकर महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस के अनुसार, महिला शराब के नशे में थी। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस महिला की पहचान और बच्चे को अपने साथ ले जाने के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना के बाद बच्चे के परिजनों में चिंता का माहौल है।

