टीकमगढ़ के कोतवाली थाना क्षेत्र में सुधा सागर रोड पर जंगल में एक नीलगाय के शिकार का मामला सामने आया है। बुधवार सुबह एक किसान के खेत में नीलगाय का सिर और शरीर के कटे हुए हिस्से मिले। किसान श्रीराम यादव ने तुरंत इसकी जानकारी वन विभाग के चौकीदार और अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। डॉक्टर से मेडिकल जांच कराई गई। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नीलगाय का शिकार किया गया है। मामले की जांच चल रही है। यह घटना मोहनपुरा-सुधासागर रोड के मधुबन सब रेंज जंगल में मंगलवार रात को हुई। अज्ञात आरोपियों ने नीलगाय का शिकार किया। शहर से करीब 5 किलोमीटर दूर जंगल क्षेत्र में हुई इस घटना से कोतवाली पुलिस और वन विभाग की उड़नदस्ता टीम पर सवाल उठ रहे हैं। खेत मालिक मनोज यादव के भाई श्रीराम यादव ने डिप्टी रेंजर नरेंद्र नायक को घटना की जानकारी दी। जांच के दौरान खेत में नीलगाय का सिर और शरीर के अन्य हिस्से मिले। घटना की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग के डीएफओ राजाराम परमार और रेंजर सौरव जैन अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। डॉक्टर केपी पटेरिया ने मौके पर मिले शरीर के हिस्सों की जांच की, ताकि घटना की असली स्थिति साफ हो सके। डीएफओ ने कहा कि नीलगाय का शिकार एक गंभीर मामला है। पुलिस मुखबिरों और आसपास के किसानों से पूछताछ कर रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।

