टाइगर पर फायरिंग के बाद पहली बार दिखे सलमान:एयरपोर्ट पर हथियारबंद जवान के साथ आए नजर, पूछताछ में खुलासा- सलमान भी थे टारगेट

टाइगर पर फायरिंग के बाद पहली बार दिखे सलमान:एयरपोर्ट पर हथियारबंद जवान के साथ आए नजर, पूछताछ में खुलासा- सलमान भी थे टारगेट

एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद मंगलवार को सलमान खान को मुंबई के एक प्राइवेट एयरपोर्ट पर देखा गया। उनके साथ भारी सुरक्षा थी। उनकी सिक्योरिटी में स्पेशल प्रोटेक्शन यूनिट के हथियारबंद जवान थे। गौरतलब है कि टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग से जुड़े लोगों ने ली थी। फायरिंग के बाद लॉरेंस गैंग से होने का दावा करने वाले अनिल पंडित ने एक ऑडियो में सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी। उसने कहा, ‘जो भी पूरी फिल्म इंडस्ट्री में हमसे अलग होकर काम करेगा या सलमान के साथ मिलकर काम करेगा, उसको हम मार देंगे। ये पहली और आखिरी चेतावनी है। सलमान खान एक बात ध्यान से सुन लें, तुम्हारे पूरे परिवार का नाश कर देंगे। ये बात माइंड में बिठा लेना। जो तुम ये सोचते हो ना कि तुम सिक्योरिटी में हो, तुम्हें कुछ नहीं होगा, तुम्हारा वो हाल करेंगे कि पूरी दुनिया याद रखेगी।’ टाइगर से पहले सलमान खान की रेकी हुई टाइगर पर फायरिंग करने वाले आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पहले अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर खान और अक्षय कुमार की रेकी की थी, लेकिन सिक्योरिटी ज्यादा होने के कारण प्लान बदल दिया था। आरोपियों के साथ एक चौथा युवक भी था, लेकिन वह हमले से एक रात पहले सिगरेट पीने के बहाने होटल से भाग गया। वहीं, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस मामले में मंगलवार को चार और लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें दो महिलाएं शामिल हैं। आरोप है कि इन्होंने शूटरों को हथियार सप्लाई किए थे। आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत जिले के कुणाल (21), सुमित (19) और उत्तर प्रदेश की राधा (23), बबीता (23) के रूप में हुई है। इससे पहले पुलिस ने फायरिंग करने वाले बिहार के ऋतिक और हरियाणा के रेहान व फूल सिंह को सोमवार को कोटा से गिरफ्तार किया था। पूरी खबर यहां पढ़ें… सलमान की फिल्म ‘मातृभूमि’ का गाना ‘जय हिंद’ रिलीज सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ का देशभक्ति गाना ‘जय हिंद’ मंगलवार को रिलीज हुआ। गाने को हिमेश रेशमिया ने कंपोज किया है, समीर अंजान ने बोल लिखे हैं और स्टीबिन बेन ने आवाज दी है। अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में सलमान के साथ चित्रांगदा सिंह भी नजर आएंगी। फिल्म की कहानी भारतीय सैनिकों की बहादुरी से प्रेरित है। सलमान और लॉरेंस के बीच विवाद क्या है? दरअसल, सलमान खान और गैंगस्टर लॉरेंस के बीच विवाद की मुख्य वजह 1998 का काला हिरण शिकार मामला है। करीब 28 साल पुराने इस मामले को लेकर बिश्नोई समाज में नाराजगी रही है। इसी विवाद के चलते सलमान खान को कई बार धमकियां मिल चुकी हैं। 1998 में सलमान खान राजस्थान के जोधपुर में फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ की शूटिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन पर काले हिरणों के शिकार का आरोप लगा था। बिश्नोई समाज काले हिरण को पवित्र मानता है। समाज वन्यजीवों की रक्षा को अपनी धार्मिक आस्था का हिस्सा मानता है। सलमान से माफी की मांग लॉरेंस के चचेरे भाई रमेश बिश्नोई समेत बिश्नोई समाज से जुड़े कई लोगों का कहना है कि अगर सलमान खान समाज के धार्मिक स्थल मुकाम में जाकर माफी मांग लें, तो विवाद खत्म हो सकता है। हालांकि, सलमान खान के पिता सलीम खान पहले कह चुके हैं कि माफी मांगने का मतलब गलती स्वीकार करना होगा। उनके मुताबिक, सलमान ने ऐसा कोई अपराध नहीं किया है। 2018 में लॉरेंस ने दी थी धमकी साल 2018 में लॉरेंस ने जोधपुर कोर्ट में पेशी के दौरान सलमान को धमकी दी थी। इसके बाद सलमान की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। अप्रैल 2024 में मुंबई के बांद्रा स्थित सलमान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर फायरिंग हुई थी, जिसकी जिम्मेदारी लॉरेंस के भाई अनमोल ने ली थी। अक्टूबर 2024 में सलमान के करीबी और पूर्व विधायक बाबा सिद्दीकी की हत्या भी हुई। इसके बाद सलमान की सुरक्षा को लेकर सवाल उठे। टाइगर पर हुई फायरिंग की घटना के बाद गैंगस्टर लॉरेंस के चचेरे भाई रमेश बिश्नोई ने भी कहा कि बिश्नोई समाज या लॉरेंस की सलमान खान से कोई निजी दुश्मनी नहीं है। विवाद सिर्फ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का है। उन्होंने सलमान को एक बार फिर गुरु जम्भेश्वर महाराज की समाधि पर आकर माफी मांगने की सलाह दी है। रमेश बिश्नोई ने कहा कि उन्हें यह समझ नहीं आता कि सलमान खान इतनी छोटी सी बात के लिए बार-बार कहने पर भी माफी क्यों नहीं मांग रहे हैं। वो इतने जिद्दी क्यों बने हुए हैं। माफी मांगने से कोई छोटा नहीं हो जाता। उन्होंने सलमान खान के परिवार से भी अपील की है कि अगर किसी धर्म की भावना आहत हुई है, तो माफी मांग लेना ही सही रास्ता है। पूरी खबर यहां पढ़ें….
………….. यह खबर भी पढ़ें… बिश्नोई महासभा ने कहा-सलमान खान माफी मांगें, लॉरेंस हमारा हीरो: समाज माफी देने को तैयार, बॉलीवुड एक्टर घमंड छोड़ते तो विवाद टल सकता था हिसार में अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा ने सलमान खान से समाज से माफी मांगने को कहा था। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र बुढ़िया ने कहा था कि सलमान बीकानेर के पवित्र स्थल मुकाम जाकर माफी मांग सकते हैं। उन्होंने लॉरेंस का समर्थन करते हुए कहा था कि सलमान माफी मांगते हैं, तो समाज उन्हें माफ करने पर विचार कर सकता है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *