झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिया बड़ा बयान, बोले- ‘युवाओं को न्याय मिलेगा और अपराधियों को सजा मिलेगी’

झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिया बड़ा बयान, बोले- ‘युवाओं को न्याय मिलेगा और अपराधियों को सजा मिलेगी’

Hemant Soren On JPSC-JSSC Protest: झारखंड में JPSC और JSSC अभ्यर्थियों का आंदोलन 16वें दिन भी जारी है। इस बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने छात्र आंदोलन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि युवा अपने अधिकारों के लिए आंदोलन कर रहे हैं और उन्हें न्याय मिलेगा। साथ ही उन्होंने परीक्षा में गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया।

हेमंत सोरेन ने कहा कि उनकी सरकार के कामों की वजह से युवाओं को गलत कामों को सामने लाने और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का हौसला मिला है। उन्होंने कहा कि युवाओं को किसी राजनीतिक दल के संरक्षण की जरूरत नहीं है। उन्हें उनका अधिकार और न्याय मिलना चाहिए।

‘युवाओं को न्याय मिलेगा, जिम्मेदार लोगों को सजा’

JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के विरोध पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हमारे युवा अपने अधिकारों के लिए विरोध और आंदोलन कर रहे हैं। युवाओं को न्याय मिलेगा और गड़बड़ियों के लिए जिम्मेदार लोगों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस मामले को राजनीतिक नजरिए से देखने या किसी तरह का राजनीतिक संरक्षण लेने की जरूरत नहीं है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को राजनीतिक दलों से सतर्क रहने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं की वजह से युवाओं को गुमराह करने का रास्ता तैयार होता है। उनके मुताबिक, देशभर में राजनीतिक दल अलग-अलग तरीके से युवाओं को अपने प्रभाव में लेने की कोशिश कर रहे हैं और सच को झूठ के साथ मिलाकर उन्हें गुमराह करने की रणनीति पर काम हो रहा है।

JPSC परीक्षा रद्द करने को तैयार सरकार?

रांची में छात्र आंदोलन के 16वें दिन सरकार और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच तीसरे दौर की बातचीत हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, झारखंड सरकार JPSC PT परीक्षा रद्द करने को तैयार है। वहीं बैकलॉग की उन परीक्षाओं में, जिनमें गड़बड़ी के आरोप लगे हैं, सरकार सीआईडी और ईडी जांच के लिए तैयार है। हालांकि, सरकार सीबीआई जांच कराने के लिए तैयार नहीं है। यही मुद्दा फिलहाल छात्रों और सरकार के बीच बातचीत में सबसे बड़ी अड़चन बना हुआ है। छात्र पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग पर अड़े हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *