झांसी में सोमवार दोपहर को Bsc फाइनल ईयर की छात्रा पूजा जाटव (20) की लाश कुएं में मिली है। वह 19 सितंबर को खेत पर गई थी। जब लौटकर घर नहीं आई तो परिजन तलाश करने लगे। तब खेत में बने कुएं के किनारे छात्रा की चप्पल और दुपट्टा मिला था। कुएं में तलाश करने पर कोई सुराग नहीं लगा। आज परिजन खेत पर पहुंचे तो कुएं के अंदर पानी में शव उतरा रहा था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। छात्रा अपना मोबाइल घर पर छोड़ गई थी। पुलिस ने मोबाइल चेक किया तो पैटर्न लॉक लगा मिला। अब मोबाइल के लॉक को खुलवाया जा रहा है। पूरा मामला सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के करारी गांव का है। 3 तस्वीरें… मामा के घर पर रहती थी पूजा जाटव (20) पुत्री बलराम जाटव दतिया जिले पलोथर गांव की रहने वाली थी। वह बचपन से ही अपने मामा ओमीशरण अहिरवार के घर करारी गांव में रह रही थी। 4 भाई-बहनों में वह तीसरे नंबर की थी। उससे बड़ी एक बहन मनीषा (28) और एक भाई आशीष (22) की शादी हो चुकी है। सबसे एक छोटा भाई दीपेश (18) है। पिता बलराम खेती किसानी करते हैं। जबकि मामा ओमशरण ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं। मृतका के मामा मिथुन अहिरवार ने बताया- मेरी भांजी पूजा दतिया के पीजी कॉलेज में बीएससी फाइनल ईयर में पढ़ रही थी। पिछले बुधवार को वह बैंक के काम से गांव पलोथर भी गई थी। इसके बाद घर आ गई थी। पिछले 7 दिन से भाई दीपेश भी मामा के घर आया हुआ था। भाई को खाना खिलाकर निकली थी मामा मिथुन ने आगे बताया- 19 सितंबर को पूजा अपने भाई दीपेश के साथ थी। दोपहर में उसने भाई दीपेश को खाना खिलाया। फिर खेत पर जाने की बात कहकर निकल गई। अपना मोबाइल घर पर छोड़ गई। काफी देर तक पूजा घर नहीं लौटी तो हम लोग तलाश करते हुए खेत पर पहुंचे। वहां कुएं के किनारे पूजा की चप्पल और दुपट्टा मिला। ऐसे में लोहे का कांटा कुएं में डालकर पूजा की तलाश की। आसपास के एरिया, घर और रिश्तेदारियों में भी ढूंढ़ा। मगर पूजा का कोई सुराग नहीं लगा। तब थाने जाकर गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद भी हम लोग लगातार पूजा को ढूंढ़ रहे थे। पानी के ऊपर आया शव मामा ने आगे बताया- मैं सोमवार को खेत पर गया था। जब कुएं में देखा तो पूजा का शव पानी में उतरा रहा था। सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। कार्यवाहक सीओ सिटी प्रिया सिंह प्रेमनगर थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गई। इसके बाद फील्ड यूनिट की टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। मामा मिथुन ने कहा- पूजा ने सुसाइड किया है। किन कारणों से उसने जान दी, इसके बारे में जानकारी नहीं है। मोबाइल में पैनर्ट लॉक लगा है। मोबाइल की जांच से ही मौत का राज खुल सकता है। शरीर पर चोट के निशान नहीं कार्यवाहक सीओ सिटी प्रिया सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया शव पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्रथमदृष्टया सुसाइड का मामला लग रहा है। पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

