झांसी रेल डिवीजन के बीना-झांसी रेलखंड पर रेलवे क्रॉसिंग नंबर 351 से आने-जाने वाले लोगों को अगले तीन महीने तक परेशानी का सामना करना पड़ेगा। रेलवे ने इस क्रॉसिंग को 10 दिसंबर तक बंद रखने का फैसला लिया है। यहां रोड ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। अब यहां बड़े गर्डर लगाने और दूसरे स्ट्रेक्चर तैयार करने का काम किया जाना है। मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि यह लेवल क्रॉसिंग बीना-झांसी रेलखंड के किलोमीटर नम्बर 1090/20-22 पर स्थित है। रेलवे के मुताबिक, रोड ओवर ब्रिज बनने के बाद इस फाटक पर सड़क और ट्रेन की आवाजाही को अलग-अलग किया जा सकेगा। इससे भविष्य में फाटक पर रुकने की जरूरत कम होगी और यातायात भी सुगम होगा। गर्डर लगाने के दौरान सुरक्षा जरूरी
रोड ओवर ब्रिज निर्माण के दौरान अब बो स्ट्रिंग गर्डर लॉन्चिंग का काम किया जाएगा। आसान शब्दों में कहें तो पुल के बड़े हिस्से को निर्धारित स्थान पर उठाकर लगाया जाएगा। इसके साथ ही निर्माण के लिए कुछ अस्थायी ढांचे भी बनाए जाएंगे। यह काम फाटक के आसपास होने के कारण यहां लोगों की आवाजाही रखना सुरक्षित नहीं होगा।
इसी वजह से रेलवे प्रशासन ने फाटक को लगातार बंद रखने का निर्णय लिया है। रेलवे का कहना है कि यात्रियों और आम लोगों की सुरक्षा को देखते हुए यह कदम जरूरी है। 10 दिसंबर तक करना होगा वैकल्पिक रास्ते का इस्तेमाल
पीआरओ ने कि क्रॉसिंग बंद रहने के दौरान आसपास के लोगों को वैकल्पिक रास्ते से आवागमन करना होगा। रेलवे ने लोगों से अपील की है कि बंद फाटक से निकलने की कोशिश न करें और निर्माण स्थल पर लगाए गए सुरक्षा संकेतों और निर्देशों का पालन करें।
रेल प्रशासन ने लोगों से निर्माण कार्य में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा है कि रोड ओवर ब्रिज का काम पूरा होने के बाद क्षेत्र में सड़क यातायात को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

