जैसलमेर के 45 वार्डों में 200 से ज्यादा दावेदार:कांग्रेस ने आवेदन की तारीख 27 तक बढ़ाई, भाजपा-कांग्रेस कार्यालयों में कार्यकर्ताओं की भीड़

जैसलमेर के 45 वार्डों में 200 से ज्यादा दावेदार:कांग्रेस ने आवेदन की तारीख 27 तक बढ़ाई, भाजपा-कांग्रेस कार्यालयों में कार्यकर्ताओं की भीड़

जैसलमेर में नगर निकाय चुनावों का बिगुल बजते ही जिले में सियासी सरगर्मियां तेज हो गई है। चुनावी मैदान में उतरने के लिए बीजेपी और कांग्रेस ने संभावित उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं। आवेदन जमा करने के दौरान दोनों पार्टियों के जिला कार्यालयों में टिकट के दावेदारों और उनके समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। नगर परिषद के कुल 45 वार्डों के लिए दोनों दलों में कार्यकर्ताओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। औसतन प्रत्येक वार्ड से 4 से 5 दावेदारों ने अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। इससे टिकट बंटवारे को लेकर मुकाबला काफी रोचक और चुनौतीपूर्ण हो गया है। दोनों दल अब जिताऊ प्रत्याशी की तलाश में जुटे हैं। कांग्रेस ने आवेदन की तारीख बढ़ाई कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने बताया- टिकट के लिए कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह को देखते हुए पार्टी ने आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया है। अब कांग्रेस में 27 तारीख तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पार्टी केवल मजबूत और जिताऊ उम्मीदवार को ही चुनावी मैदान में उतारेगी। ग्राउंड लेवल पर वार्ड में सक्रिय रहने वाले और जनता के बीच काम करने वाले कार्यकर्ताओं को पहली प्राथमिकता दी जाएगी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने दावा किया कि आम जनता वर्तमान व्यवस्था से तंग आ चुकी है और उन्हें केवल कांग्रेस से उम्मीद है। उन्होंने विश्वास जताया कि जैसलमेर नगर परिषद में कांग्रेस स्पष्ट बहुमत के साथ अपना बोर्ड बनाएगी। भाजपा सर्वे और ग्राउंड रिपोर्ट के आधार पर फैसला करेगी दूसरी ओर, भाजपा जिलाध्यक्ष दलपत हिंगड़ा ने बताया- टिकट के इच्छुक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ पार्टी कार्यालय पहुंच रहे हैं। निर्धारित प्रक्रिया के तहत सभी आवेदनों को जमा किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देशों के अनुसार प्राप्त सभी आवेदनों की गंभीरता से जांच की जाएगी। संगठन स्तर पर योग्य, मेहनत करने वाले, जनता के लिए समर्पित और जमीनी पकड़ रखने वाले उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। भाजपा प्रभारियों की ग्राउंड रिपोर्ट, संगठन के फीडबैक और पार्टी के आंतरिक सर्वे के आधार पर ही प्रत्याशियों की अंतिम सूची तैयार करेगी। पार्टी का मुख्य लक्ष्य हर वार्ड में मजबूत उम्मीदवार उतारकर नगर परिषद में स्पष्ट बहुमत हासिल करना है। कार्यालयों में उमड़ रही कार्यकर्ताओं की भीड़ चुनाव की घोषणा के बाद से ही शहर के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। दोनों ही दल अपने-अपने समीकरण साधने में लगे हुए हैं। टिकट के दावेदार भी अपने समर्थकों के साथ वरिष्ठ नेताओं के चक्कर काट रहे हैं ताकि अपनी दावेदारी को मजबूत कर सकें। 45 वार्ड में 200 से भी ज्यादा दावेदार जैसलमेर नगरपरिषद में निकाय चुनाव में पार्षदों की दावेदारी की बात करें तो दोनों पार्टियों से करीब 200-200 दावेदारों ने आवेदन किया है। अब पार्टी पदाधिकारियों की चयन समिति सर्वे के आधार पर टिकट तय करेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *