जेलेंस्की के बिना यूक्रेन पर फैसला? पुतिन ने ट्रंप-शी के सामने रखा त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन का प्रस्ताव, यूरोप की बढ़ी टेंशन

जेलेंस्की के बिना यूक्रेन पर फैसला? पुतिन ने ट्रंप-शी के सामने रखा त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन का प्रस्ताव, यूरोप की बढ़ी टेंशन

Putin-Trump-Xi Jinping Summit: अमेरिकी अखबार द वॉल स्ट्रीट जनरल ने रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर बड़ा खुलासा किया है। अखबार के अनुसार, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अगले महीने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन का प्रस्ताव दिया दिया है। इस शिखर सम्मेलन का उद्देश्य रूस-यूक्रेन संघर्ष को समाप्त कर शांति समझौता करना है।

पुतिन उठाना चाहते हैं ट्रंप से बातचीत शुरू होने का फायदा

अखबार ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि बीते कुछ दिनों से रूसी राष्ट्रपति पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के बीच रिश्तों में गर्माहट आई है। पुतिन इसी बात का फायदा उठाना चाहते हैं। पुतिन की इस कोशिश से यूक्रेन और यूरोपीय देशों की चिंता बढ़ी है। क्योंकि, इस शिखर सम्मेलन में यूक्रेन अपना पक्ष नहीं रख पाएगा।

यूक्रेन संग रूस का युद्ध खत्म हो इसे तीनों ही देश जरूरी मानते हैं

अखबार ने एक पूर्व रूसी खुफिया अधिकारी के हवाले से बताया कि पुतिन ने त्रिपक्षीय बैठक का विचार पहली बार 9 अक्टूबर को ट्रंप के साथ फोन पर हुई बातचीत में रखा था। उसी बातचीत में एक समझौता भी हुआ, जिसके तहत अमेरिका रूसी डीजल खरीद सकेगा और उसे वैश्विक बाजारों में वितरित करने में मदद करेगा। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने भी इस तरह की बातें होने की पुष्टि की है। दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि इस बैठक के स्वरूप या उसके संभावित एजेंडे को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट समझ विकसित नहीं हुई है, लेकिन तीनों ही देश इसे जरूरी मानते हैं।

क्रेमलिन का सुझाव इस शिखर सम्मेलन को चीन के शेनझेन में आयोजित किया जाए

अखबार ने अमेरिकी प्रशासन से जुड़े सूत्रों के हवाले से बताया है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने इस पर हरी झंडी नहीं दी है। पर वह युद्ध को जल्द से जल्द खत्म करने के लिए हमेशा से उत्सुक हैं। इसे देखते हुए वे इस प्रस्ताव के लिए तैयार हो सकते हैं। वार्ता से जुड़े सूत्रों ने WSJ को बताया कि क्रेमलिन ने सुझाव दिया है कि यह त्रिपक्षीय वार्ता 18 और 19 नवंबर को दक्षिणी चीन के तकनीकी केंद्र शेनझेन में होने वाले एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन के साथ आयोजित की जाए।

ट्रंप ने दावा किया था कि संघर्ष खत्म करने की वार्ता में बड़ी प्रगति हो रही है

मॉस्को और बीजिंग के बीच हाल की चर्चाओं के करीबी सूत्रों के मुताबिक, रूसी राजनयिकों ने यह प्रस्ताव चीनी अधिकारियों के सामने रखा, जिन्होंने संकेत दिया कि यदि ट्रंप भाग लेने को तैयार हों तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी। रविवार को ट्रंप ने दावा किया कि रूस-यूक्रेन संघर्ष को खत्म करने की वार्ता में “बड़ी प्रगति” हो रही है। उन्होंने मॉस्को के प्रति अपने प्रशासन के कूटनीतिक रुख का बचाव किया और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की पर दो साल पहले बेहतर सौदा न कर पाने का आरोप लगाया।

मैं रूस को बातचीत की मेज से दूर नहीं रखना चाहता हूं: ट्रंप

ट्रंप ने लिखा कि रूस पर मेरा फैसला बहुत सरल है। मैं रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध में शांति की वार्ता कर रहा हूं, और ऐसा कुछ नहीं करना चाहता जो मूर्खतापूर्ण ढंग से रूस को वार्ता की मेज से दूर कर दे। बड़ी प्रगति हो रही है, जिसमें मौजूदा बंधक वार्ता भी शामिल है! इस समय उस दस्तावेज़ पर हस्ताक्षर करने से ऐसा होगा, और मैं उस पर बाद में या जब चाहूं हस्ताक्षर कर सकता हूं।

इसी महीने की शुरुआत में रूसी राष्ट्रपति पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के बीच डेढ़ घंटे तक टेलीफोन वार्ता हुई, जिसमें आर्थिक पहलुओं, ऊर्जा आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा हुई। TASS के हवाले से रूसी राष्ट्रपति के सहयोगी यूरी उशाकोव ने शनिवार को बताया कि दोनों नेता आगामी APEC शिखर सम्मेलन के दौरान आमने-सामने मुलाकात भी कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *