गोंडा। मोतीगंज थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे जुलूस-ए-मोहम्मदी के दौरान ई-रिक्शा पर विवादित गाना बजाने के मामले में पुलिस ने बुधवार शाम 6:30 बजे कार्यक्रम आयोजक रियाज अहमद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, ई-रिक्शा पर लगे साउंड सिस्टम से धार्मिक गीत बजाया जा रहा था। इसी बीच उसमें आपत्तिजनक नारा मिक्स कर बजाया गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। वायरल वीडियो के आधार पर दर्ज हुआ मुकदमा मोतीगंज थाने में तैनात दरोगा नारद मुनि कनौजिया की तहरीर पर रियाज अहमद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 196(1), 223, 299 और 302 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि वीडियो सामने आने के बाद मामले की जांच कर आरोपी की पहचान की गई। धारा 163 लागू होने के बीच बजाया गया विवादित गाना दरोगा के मुताबिक, वह जुलूस के दौरान शांति व्यवस्था की ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान ई-रिक्शा पर लगे साउंड सिस्टम से दूसरे समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला गाना बजाया गया। पुलिस के अनुसार, जिले में अपर जिला मजिस्ट्रेट की ओर से धारा 163 लागू होने के बावजूद इस तरह का भड़काऊ कंटेंट बजाया गया, जिससे माहौल बिगड़ने की आशंका थी। मेडिकल के बाद कोर्ट में पेशी, न्यायिक हिरासत में भेजा गिरफ्तारी के बाद पुलिस रियाज अहमद को मेडिकल परीक्षण के लिए गोंडा मेडिकल कॉलेज ले गई। मेडिकल परीक्षण के बाद उसे गोंडा न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। सोशल मीडिया पर पुलिस की नजर एएसपी पूर्वी अजीत कुमार रजक ने बताया- वीडियो का संज्ञान लेकर तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। उन्होंने कहा कि माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सोशल मीडिया पर भी लगातार निगरानी रख रही है।

