भास्कर न्यूज | पानीपत जीटी रोड किनारे बनाए गए नए नालों के 10 पॉइंट पर शनिवार को नेशनल हाईवे ऑफ अथॉरिटी (एनएचएआई) ने पत्थर के बैरिकेड्स रखवा दिए। वहीं, सड़क चौड़ीकरण के दौरान खोद कर छोड़े गए बड़े गड्ढों मेंं मिट्टी भरवा दी। इससे पहले एनएचएआई के अधिकारियों ने खानापूर्ति की कार्रवाई कर दी थी। शुक्रवार को नगर निगम कमिश्नर डॉ. पंकज राव ने निरीक्षण कर एनएचएआई के अधिकारियों को फटकार लगाई थी। मंगलवार को हुई भारी बारिश के जीटी रोड पर 3-3 फीट पानी भर गया था। एसडीवीएम स्कूल के सामने खुले पड़े गड्ढे मंे दो स्कूली बच्चे गिर गए थे। जिन्हें आसपास मौजूद लोगों ने वक्त रहने बाहर निकाल लिया था। इसको गंभीरता से लेते हुए कमिश्नर ने एनएचएआई के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर हकीकत से रूबरू कराया था। इसके साथ ही सभी खुले पड़े स्लैब को 48 घंटे के अंदर मजबूती से कवर कराने के आदेश दिए थे। साथ ही हिदायत दी थी कि हादसा हुआ तो एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। इसको लेकर एनएचएआई की तरफ से शुक्रवार दोपहर बाद ही पत्थर के बैरिकेड्स रखवाने व गड्ढों में मिट्टी भरवाने का काम शुरू करा दिया था।


