PAKW vs THAIW Highlights: मंगलवार को पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम ने वूमेंस एशिया कप में अपने अभियान का आगाज जीत के साथ किया। ग्रुप A के अपने पहले मुकाबले में उसने थाईलैंड के खिलाफ 35 रन से जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में सिर्फ 119 रन बना पाई, जिसमें 9 विकेट गिर गए थे। जवाब में थाईलैंड ने 8 विकेट गंवाकर 84 रन बनाए। थाईलैंड के लिए सबसे अच्छी बात यह रही कि उसने पाकिस्तान और भारत के खिलाफ अब तक मिलकर 18 विकेट झटके हैं।
टीम इंडिया ने 94 रन से दी थी शिकस्त
भारतीय टीम ने जहां थाईलैंड को 94 रन से हरा दिया था, तो वहीं पाकिस्तान की टीम इस थाईलैंड के खिलाफ सिर्फ 119 रन बना पाई। पाकिस्तान के लिए मुनीबा अली ने 54 रन की पारी खेली। बाकी सात बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को भी नहीं छू सके। इस जीत के बावजूद पाकिस्तान की टीम अंक तालिका में भारत से पीछे है। दोनों ने एक-एक मुकाबले खेले हैं और दोनों ने जीत हासिल की है। थाईलैंड का एशिया कप में अभियान खत्म हो गया है। उसने तीन में से एक मुकाबले में हांगकांग की महिला टीम को हराया था, जबकि बाकी दोनों मुकाबलों में उसे भारत और पाकिस्तान से हार का सामना करना पड़ा था। वह ग्रुप में तीसरे स्थान पर रही। हालांकि, अभी भी इस ग्रुप में भारत, पाकिस्तान और हांगकांग के दो-दो मैच बचे हुए हैं।
मैच की बात करें तो टॉस जीतकर पाकिस्तानी टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी। दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर शवाल जुल्फिकार आउट हो गईं। इसी ओवर की अंतिम गेंद पर गुल फिरोजा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं। आयशा टीम के खाते में सिर्फ 9 रन ही जुटा सकीं। इसके बाद मुनीबा अली ने सदाफ शमास के साथ चौथे विकेट के लिए 48 गेंदों में 54 रन जुटाकर टीम को 77 के स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन 12वें ओवर की चौथी और छठी गेंद पर सदाफ (20) और कप्तान फातिमा सना (0) अपना विकेट खो बैठीं। इसके बाद टीम लगातार अंतराल पर विकेट गिरते रहे।
थिपाचा पुत्थावोंग ने झटके 3 विकेट
थाईलैंड की ओर से थिपाचा पुत्थावोंग ने 18 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि सुलीपोर्न लाओमी ने 14 रन देकर 3 विकेट निकाले। इनके अलावा, फनिता माया ने 2 विकेट और सुनिदा चतुरोंगरात्तन ने 1 हासिल की। जवाब में थाईलैंड 20 ओवरों के खेल में 8 विकेट खोकर 84 रन ही बना सकी। पाकिस्तान के लिए सादिया इकबाल ने 11 रन देकर 3 विकेट निकाले, जबकि तुबा हसन ने 2 विकेट चटकाए। फातिमा सना और नाशरा संधू ने 1-1 विकेट झटके।




