सतना जिला बदर किए गए आरोपी को आदेश का उल्लंघन कर सतना लौटने पर कोलगवां थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर नूरानी मोहल्ला-सिंधी कैंप स्थित उसके घर पर दबिश दी। आरोपी कमलेश उर्फ अंग्रेज राजपाल (39) को मौके से पकड़ लिया गया। उसके खिलाफ राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14 के तहत मामला दर्ज किया गया है। क्राइम रिकॉर्ड के चलते किया गया था जिला बदर पुलिस के अनुसार, कमलेश उर्फ अंग्रेज राजपाल की लगातार बढ़ती आपराधिक गतिविधियों के कारण कोलगवां थाना प्रभारी ने उसका जिला बदर करने का प्रस्ताव तैयार किया था। पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह के निर्देश पर प्रस्ताव जिला दंडाधिकारी डॉ. सतीश कुमार एस के समक्ष भेजा गया था। सुनवाई के बाद जिला दंडाधिकारी ने कमलेश को सतना सहित पड़ोसी जिलों की सीमा से बाहर रहने का आदेश दिया था। पुलिस ने आदेश का पालन कर उसे जिले से बाहर कर दिया था। कुछ दिन बाद चोरी-छिपे सतना लौट आया पुलिस के अनुसार, जिला बदर होने के कुछ दिन बाद कमलेश चोरी-छिपे सतना लौट आया और अपने घर में छिपकर रहने लगा। मंगलवार को पुलिस को उसके घर पर मौजूद होने की सूचना मिली। मुखबिर की सूचना पर कोलगवां पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने के आरोप में उसके खिलाफ राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14 के तहत मामला दर्ज किया है।

