जिन्हें जेवर का अभूतपूर्व विकास नहीं दिखता, उन्हें केवल गड्ढे और पानी दिखाई दे रहा है— धीरेन्द्र सिंह

जिन्हें जेवर का अभूतपूर्व विकास नहीं दिखता, उन्हें केवल गड्ढे और पानी दिखाई दे रहा है— धीरेन्द्र सिंह
जेवर। नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के निकट पार्किंग स्थल पर बारिश के कारण हुए जलभराव को लेकर की जा रही राजनीति के बीच जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने आज स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से वस्तुस्थिति की जानकारी ली।
इस अवसर पर जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि “बारिश के बाद विपक्ष को यहां गड्ढे और पानी तो दिखाई दे रहे हैं, लेकिन इसी धरती पर खड़ा हुआ अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, विश्वस्तरीय सड़कें, औद्योगिक निवेश और हजारों युवाओं के लिए पैदा हो रहे रोजगार के अवसर दिखाई नहीं दे रहे। यह राजनीति केवल प्रदेश में हो रहे विकास से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास है।”
जेवर के विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि “कभी जेवर क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से दूर था, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में आज जेवर उत्तर प्रदेश के बदलते औद्योगिक और आर्थिक स्वरूप का प्रमुख केंद्र बन चुका है। नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट ने इस क्षेत्र को देश और दुनिया के मानचित्र पर नई पहचान दी है।”
जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि “जिन लोगों के शासनकाल में यह एयरपोर्ट वर्षों तक केवल चर्चा और कागजों तक सीमित रहा, आज उन्हें इसी एयरपोर्ट के आसपास बारिश का पानी दिखाकर राजनीति करनी पड़ रही है। दरअसल उन्हें जेवर में हुआ अभूतपूर्व विकास और उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर से परेशानी हो रही है।”
जेवर विधायक ने स्पष्ट किया कि “जलभराव अथवा किसी भी तकनीकी कमी को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को जल निकासी की व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक सुधार एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।”
“विपक्ष तस्वीरों में गड्ढे खोजता रहे, हम जेवर में विकास की नई इबारत लिखते रहेंगे। कमी जहां होगी, उसे ठीक कराया जाएगा; लेकिन कुछ समय के जलभराव को जेवर और उत्तर प्रदेश के ऐतिहासिक विकास पर पर्दा डालने का माध्यम नहीं बनने दिया जाएगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *