जालौन के उरई में बुढ़वा मंगल के अवसर पर घटिया वाले महावीर मैदान में दो दिवसीय स्व. पं. महेश प्रसाद अवस्थी स्मृति दंगल का आयोजन 22 और 23 सितंबर को किया जाएगा। दंगल में देश और प्रदेश के नामी पहलवानों के बीच रोमांचक कुश्तियां होंगी। आयोजन में जिलेभर से हजारों अखाड़ा प्रेमियों के पहुंचने की उम्मीद है। दंगल समिति के अध्यक्ष सुशील अवस्थी एडवोकेट ने बताया कि 22 सितंबर को दोपहर 12 बजे दंगल का शुभारंभ सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद उरई के पूर्व अध्यक्ष विजय चौधरी करेंगे। जिलाधिकारी समीर और पुलिस अधीक्षक डॉ. विनय कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि 23 सितंबर को दोपहर तीन बजे दंगल का समापन होगा। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह शामिल होंगे। इसके लिए उनकी स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा करेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित समेत अन्य अतिथि मौजूद रहेंगे। दंगल में नामी पहलवानों की कुश्तियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। समिति की ओर से आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आयोजकों का कहना है कि वर्षों से चली आ रही दंगल की परंपरा को इस बार भी भव्य रूप दिया जाएगा। पत्रकार वार्ता में जय महावीर समिति के संरक्षक सुधीर अवस्थी, प्रबंधक नीरज पाठक, सचिव प्रमोद त्रिपाठी, स्वागताध्यक्ष गिरीश अवस्थी, हरिकिशोर गुप्ता रिप्पू, प्रवक्ता जितेंद्र त्रिपाठी, उपाध्यक्ष मनीष शर्मा, उप प्रबंधक महेंद्र दीक्षित, उप सचिव दीपेंद्र सिंह सेंगर और कोषाध्यक्ष संजय व्यास उपस्थित रहे।

