जालौन में रविवार शाम करीब 6:30 बजे गैस सिलेंडर में लीकेज होने से कच्चे मकान में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने मकान के साथ बगल में बने छप्पर को भी चपेट में ले लिया। लपटें उठती देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। हादसे में घर का अधिकांश सामान जल गया, हालांकि किसी के झुलसने या जनहानि की सूचना नहीं है। मामला कोंच कोतवाली क्षेत्र के लौना गांव की है। खाना बनाते समय सिलेंडर से हुआ रिसाव रामलता पत्नी स्वर्गीय सुरेंद्र के घर में एक बच्ची गैस चूल्हे पर खाना बना रही थी। इसी दौरान सिलेंडर से गैस का रिसाव होने लगा और अचानक आग भड़क उठी। तेज लपटों ने देखते ही देखते पूरे कच्चे मकान और पास के छप्पर को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दमकल विभाग को सूचना दी, लेकिन आग की तीव्रता के कारण उस पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। पांच क्विंटल गेहूं समेत सामान जला दमकलकर्मियों के पहुंचने के बाद ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत कर आग बुझाई गई। तब तक घर में रखा करीब पांच क्विंटल गेहूं, चार क्विंटल भूसा, दो बोरी आटा, कपड़े और गृहस्थी का अन्य सामान जलकर राख हो चुका था। घटना में रामलता को करीब एक लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है। खाद्यान्न और घरेलू सामान नष्ट होने से परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कराकर पीड़ित महिला को आर्थिक सहायता और मुआवजा दिलाने की मांग की है। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

