जालौन में मलंगा नाला का रपटा डूबा:तेज बहाव के बीच जान जोखिम में डालकर गुजर रहे राहगीर

जालौन में मलंगा नाला का रपटा डूबा:तेज बहाव के बीच जान जोखिम में डालकर गुजर रहे राहगीर

जालौन में लगातार हो रही बारिश के चलते महेवा विकासखंड के सिरसा कलार-बाबई मुख्य मार्ग पर स्थित मलंगा नाला, जिसे छोटी नदी के नाम से भी जाना जाता है, का जलस्तर बढ़ गया है। नाले पर बना रपटा पूरी तरह पानी में डूब जाने से इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों के लिए खतरा बढ़ गया है। इसके बावजूद जरूरी काम से जाने वाले ग्रामीण जान जोखिम में डालकर जलमग्न रपटा पार करने को मजबूर हैं। मंगलवार को रपटा पूरी तरह पानी में डूबा दिखाई दिया। पानी का बहाव तेज होने के बावजूद कई ग्रामीण पैदल और दोपहिया वाहनों से रपटा पार करते नजर आए। जलस्तर बढ़ने के कारण पानी की गहराई का सही अंदाजा नहीं लग पा रहा है। ऐसे में रपटा पार करते समय जरा सी चूक बाइक सवार या पैदल राहगीर के लिए भारी पड़ सकती है। तेज बहाव में व्यक्ति या वाहन के बहने की आशंका बनी हुई है। बारिश के मौसम में मलंगा नाला उफान पर आने के कारण इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित होना आम बात है। रपटा पानी में डूबने के बाद सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को होती है। इसके बावजूद आसपास के गांवों के लोगों को जरूरी कार्यों के लिए इसी मार्ग से आवागमन करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि सिरसा कलार से बाबई को जोड़ने वाला यह मार्ग क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। पानी बढ़ने के बाद भी रास्ते पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से हादसे का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में रपटा के दोनों ओर चेतावनी संकेत लगाए जाएं। साथ ही जरूरत पड़ने पर पुलिस या प्रशासनिक कर्मचारियों की तैनाती कर आवागमन रोकने की व्यवस्था की जाए, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *