जालंधर के लंबा पिंड चौक के पास इंडस्ट्री एरिया में बनी बिस्कुट और नमकीन फैक्ट्री में सोमवार देर रात करीब 11 बजे आग लग गई। आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई। फैक्ट्री में शार्ट सर्किट होने का शक जताया जा रहा है। फैक्ट्री रिहायशी बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर चल रही थी, जबकि ऊपरी मंजिल पर फैक्ट्री मालिक का परिवार रहता है। घटना के वक्त परिवार सोया था जिसे मुश्किल से बचाया गया। तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैल गई। ग्राउंड फ्लोर से उठ रही आग की लपटें दूर तक दिखाई दे रही थीं। आसपास के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को जानकारी दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने में पानी की तीन गाड़ियां लग गईं। फैक्ट्री मालिक बोला- आग की वजह क्लीयर नहीं हो पाई
फैक्ट्री मालिक तुलसी राम ने बताया कि वह कई सालों से लंबा पिंड चौक के पास इंडस्ट्री एरिया में यह फैक्ट्री चला रहे हैं। नीचे फैक्ट्री है और ऊपर उनका घर है। उन्होंने बताया कि वह ऊपरी मंजिल पर सो रहे थे। तभी उन्हें आग की लपटें और धुआं निकलता दिखाई दिया। तुलसी राम ने बताया कि आग लगने की वजह अभी पता नहीं चल पाई है। इस आग से लाखों का नुकसान हो गया है। फायर ब्रिगेड अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम में लंबा पिंड चौक के पास फैक्ट्री में आग लगने की खबर मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

