जापान में टोक्यो के पास 5.9 तीव्रता का भूकंप:37 लोग घायल; अगले एक हफ्ते तक फिर भूकंप की चेतावनी, सुनामी का खतरा नहीं

जापान में टोक्यो के पास 5.9 तीव्रता का भूकंप:37 लोग घायल; अगले एक हफ्ते तक फिर भूकंप की चेतावनी, सुनामी का खतरा नहीं

जापान की राजधानी टोक्यो और आसपास के कांतो इलाके में रविवार को 5.9 तीव्रता का भूकंप आया। इसमें कम से कम 37 लोग घायल हुए हैं। इनमें से एक शख्स गंभीर रूप से घायल है। जापान टाइम्स के मुताबिक, अधिकारियों ने लोगों को अगले एक हफ्ते तक इसी तरह के तेज भूकंप के लिए सतर्क रहने को कहा है। भूकंप का केंद्र इबाराकी प्रांत के दक्षिणी हिस्से में था। यह जमीन से करीब 68 किलोमीटर नीचे आया। कई इलाकों में भूकंप के झटके करीब एक मिनट तक महसूस किए गए। भूकंप के बाद सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई। भूकंप से जुड़ी 5 तस्वीरें… भूकंप के बाद ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई भूकंप के कारण टोक्यो और नारिता एयरपोर्ट जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों में देरी हुई। उत्तर-पूर्वी इलाकों में चलने वाली कुछ स्थानीय ट्रेन सेवाओं पर भी असर पड़ा। हालांकि, ईस्ट जापान रेलवे कंपनी के मुताबिक शिंकानसेन बुलेट ट्रेनें सामान्य रूप से चलती रहीं। भूकंप के बाद मोबाइल फोन पर इमरजेंसी अलर्ट जारी हुए और टोक्यो में भी तेज झटके महसूस किए गए। एनएचके पब्लिक टेलीविजन पर मिटो और साइतामा समेत आसपास के शहरों की सड़कों पर ट्रैफिक सामान्य दिखाई दिया। टोक्यो के पूर्वी वार्ड कोतो में जमीन के नीचे पानी की पाइपलाइन टूट गई। लेकिन बाद में पाइपलाइन की मरम्मत कर दी गई और पानी का रिसाव बंद हो गया। सोते समय घबराए लोग; घर में फर्नीचर गिरने से भी घायल हुए प्रांतीय अधिकारियों और फायर एंड डिजास्टर मैनेजमेंट एजेंसी के मुताबिक, पांच प्रांतों में लोग घायल हुए। टोक्यो में 15, साइतामा में 9, कानागावा में 8, चिबा में 4 और इबाराकी में 1 शख्स घायल हुआ। प्रधानमंत्री ने लोगों से सतर्क रहने को कहा भूकंप के बाद प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने सोशल मीडिया पर बताया कि नुकसान का पता लगाने का काम जारी है। प्रधानमंत्री कार्यालय के क्राइसिस मैनेजमेंट सेंटर में एक संपर्क कार्यालय भी बनाया गया है। उन्होंने अधिकारियों को लोगों तक समय पर सही जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री ने उन इलाकों के लोगों से खास तौर पर सतर्क रहने को कहा, जहां भूकंप के तेज झटके महसूस हुए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगले एक हफ्ते में इसी तरह का एक और भूकंप आ सकता है। —————- यह खबर भी पढ़ें… पेरू में 6.7 तीव्रता का भूकंप आया:कई इलाकों में झटके महसूस हुए, नुकसान की खबर नहीं पेरू के दक्षिणी हिस्से में गुरुवार को 6.7 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप से नुकसान की कोई खबर नहीं मिली। पूरी खबर पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *