‘जहां कद्र न हो, उस रिश्ते से बाहर निकल जाना बेहतर’, कुनाल की मां के आखिरी वीडियो से उलझी कहानी

‘जहां कद्र न हो, उस रिश्ते से बाहर निकल जाना बेहतर’, कुनाल की मां के आखिरी वीडियो से उलझी कहानी

Sambhajinagar Iphone Case: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर खावड्या पहाड़ पर हुए दर्दनाक हादसे में चौंकाने वाली बातें सामने आ रही है। शुरुआती जांच में जिस घटना को एक नए आईफोन की जिद और पारिवारिक कलह से जोड़कर देखा जा रहा था, उसमें अब एक नया मोड़ आ गया है। मृतक युवक कुणाल चांदगुडे की मां संगीता चांदगुडे का घटना से ठीक एक रात पहले रिकॉर्ड किया गया एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो के बाद पुलिस जांच की दिशा बदल गई है और अब पारिवारिक झगड़े व संपत्ति विवाद के एंगल से भी जांच की जा रही है।

आईफोन की जिद या परिवार का झगड़ा?

शुक्रवार को खावड्या पहाड़ की पहाड़ी से कुणाल ने छलांग लगा दी थी, जिसे बचाने के प्रयास में उसके पिता मुरलीधर और मां संगीता की भी गहराई में गिरने से मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद खबर आई थी कि कुणाल नए आईफोन की मांग कर रहा था और इसी बात पर घर में विवाद के बाद वह खौफनाक कदम उठाने पहाड़ पहुंच गया। लेकिन अब सामने आए एक वीडियो ने कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

मां संगीता का वीडियो, रिश्तों में दरार और प्रताड़ना का जिक्र

हादसे से एक रात पहले संगीता ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो पोस्ट किया था। विडियो में उन्होंने एकतरफा रिश्तों और भावनाओं की अनदेखी पर बात करते हुए कहा कि जैसे रोटी दोनों तरफ से सेंकी जाए तभी स्वाद आता है, वैसे ही रिश्ते भी दोनों तरफ से निभाए जाने चाहिए। जहां प्यार और कद्र न हो, ऐसे रिश्तों से बाहर निकलना ही बेहतर है।
इस वीडियो में रिश्तेदारों पर गंभीर आरोप लगाने का दावा भी किया जा रहा है। संगीता ने कथित तौर पर बाप-बेटे को अलग करने, मानसिक रूप से परेशान करने और संपत्ति के विवाद का जिक्र किया है। उन्होंने अपनी आपबीती बताते हुए यहां तक कहा कि उनका हंसता-खेलता संसार उजाड़ दिया गया।

अंतिम संस्कार में भी साफ दिखी दूरियां

इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार के भीतर छिपी कड़वाहट उस वक्त भी नजर आई जब तीनों मृतकों का अंतिम संस्कार अलग-अलग जगहों पर हुआ। कुणाल और उसकी मां संगीता का अंतिम संस्कार मुकुंदवाड़ी श्मशान घाट में किया गया, जबकि पिता मुरलीधर का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव धनगर पिंपलगांव में हुआ।
मुरलीधर के पिता दामोदरराव ने मीडिया के सामने खुलासा किया कि मुरलीधर ने करीब 20 साल पहले संगीता से बिना परिवार को बताए शादी की थी, जिसके कारण परिवार में दूरियां आ गई थी। हालांकि, उन्होंने मुरलीधर को 3 एकड़ जमीन दी थी, लेकिन उनका गांव आना-जाना न के बराबर था।

खावड्या पहाड़ पर सुरक्षा और पुलिस की आगे की जांच

हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त रत्नाकर नवले सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने खावड्या पहाड़ का दौरा किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस पहाड़ पर पहले भी खुदकुशी के मामले सामने आ चुके हैं, इसलिए वहां नए सुरक्षा इंतजाम करने पर विचार किया जा रहा है। फिलहाल, पुलिस आईफोन विवाद, मां का वायरल वीडियो और संपत्ति से जुड़ी रंजिश इन तीनों कड़ियों को जोड़कर जांच आगे बढ़ा रही है ताकि इस दुखद घटना के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *