बरेली में लगातार बारिश के बाद रेजीडेंसी गार्डन में जलभराव से लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। सड़कें पानी में डूबने से आवागमन रुक गया है। कई परिवार घर छोड़कर दूसरी जगह चले गए, जबकि कुछ अभी भी घरों में फंसे हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ता रविवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर कॉलोनी पहुंचे। उन्होंने जलभराव वाले इलाकों का जायजा लिया और फंसे परिवारों को सामान सहित सुरक्षित जगह पहुंचाने में मदद की। सपा नेताओं ने बताया कि कई कारें, बाइक और घरेलू सामान पानी में डूबे मिले। जलनिकासी की ठीक व्यवस्था न होने से बारिश का पानी जमा हो गया है, जिससे लोगों को घरों से निकलने में परेशानी हो रही है। सपा नेताओं ने नगर निगम पर पंप न लगाने और नालों की सफाई न करने पर सवाल उठाए। सपा नेताओं ने प्रशासन और नगर निगम से जलभराव वाले इलाकों में तुरंत पंप लगाने, पानी निकालने और प्रभावित परिवारों को राहत देने की मांग की है।

