जर्जर मंगल भवन में परिवार पर गिरा छत का प्लास्टर:पेंड्रा में आवास की किश्त अटकी, अधूरा पड़ा मकान, एक साल का मासूम बाल-बाल बचा

जर्जर मंगल भवन में परिवार पर गिरा छत का प्लास्टर:पेंड्रा में आवास की किश्त अटकी, अधूरा पड़ा मकान, एक साल का मासूम बाल-बाल बचा

पेंड्रा। प्रधानमंत्री आवास योजना की बकाया किश्त जारी नहीं होने से हितग्राही परिवार को जर्जर मंगल भवन में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। गुरुवार को इसी भवन की छत का बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। हादसे के समय एक वर्षीय बच्चा पास में खेल रहा था। परिवार के सदस्य की सतर्कता से उसे समय रहते खींचकर दूर कर लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, हड़बड़ी में बच्चे को मामूली चोट आई है। किश्त नहीं मिली तो अधूरा रह गया पीएम आवास पेंड्रा निवासी आकाश चौधरी का प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बन रहा था। परिवार के मुताबिक, शासन की ओर से बकाया किश्त जारी नहीं होने के कारण निर्माण कार्य बीच में रुक गया। रहने के लिए कोई दूसरा ठिकाना नहीं होने पर परिवार को स्थानीय मंगल भवन में शरण लेनी पड़ी। परिवार का कहना है कि जिस मंगल भवन में वे रह रहे हैं, उसकी हालत पहले से ही बेहद जर्जर है और यहां रहना जोखिम भरा बना हुआ है। बच्चे के पास गिरा छत का प्लास्टर गुरुवार को परिवार के सदस्य मंगल भवन में मौजूद थे। इसी दौरान अचानक छत का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। आकाश चौधरी का एक वर्षीय बच्चा उसी जगह के पास खेल रहा था। परिवार के एक सदस्य की नजर समय रहते गिरते प्लास्टर पर पड़ गई। उसने तुरंत बच्चे को खींचकर दूर किया। इस दौरान बच्चा मामूली रूप से घायल हो गया, लेकिन बड़ा हादसा होने से बच गया। परिवार ने मांगी सुरक्षा और रुकी किश्त जारी करने की गुहार घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है। उनका कहना है कि पीएम आवास की किश्त समय पर नहीं मिलने से मकान अधूरा पड़ा है और मजबूरी में जर्जर भवन में रहना पड़ रहा है। परिवार ने प्रशासन से मंगल भवन की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा की व्यवस्था करने और पीएम आवास की बकाया किश्त जल्द जारी कर अधूरे मकान का निर्माण पूरा कराने की मांग की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *