उन्नाव के सोहरामऊ थाना क्षेत्र के तकिया गांव में सोमवार शाम ‘जय माता दी’ कहने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि दो लोगों ने महिला के साथ मारपीट की। लाठी और पत्थर से भी हमला किया गया। इसमें महिला के सिर के नीचे और आंख के ऊपर चोट लगी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मंगलवार शाम केस दर्ज कर लिया। गाली-गलौज के बाद शुरू हुआ विवाद तकिया गांव निवासी रहीशा बानो पत्नी नन्हे ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उसका पति नन्हे और बेटा घुरहू शाम के समय ‘जय माता दी’ कहते हैं। आरोप है कि सोमवार शाम इसी बात को लेकर गांव के मदारू पुत्र छोटे और बाबू ने गाली-गलौज शुरू कर दी। घटना के समय उसका पति घर पर नहीं था। लात-घूंसों और लाठी से पीटने का आरोप रहीशा बानो के मुताबिक, उसने गाली-गलौज का विरोध किया तो दोनों आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसे लात-घूंसों और लाठी से पीटा गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों की ओर से पत्थर भी चलाए गए। पत्थर लगने से महिला के सिर के नीचे और आंख के ऊपर चोट आई। जान से मारने की धमकी देने का आरोप पीड़िता ने आरोप लगाया कि मारपीट के बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से चले गए। इसके बाद उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दर्ज किया केस पुलिस ने तहरीर के आधार पर मदारू और बाबू के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

