जयपुर के सीतापुरा स्थित JECC में 10 दिसंबर को प्रवासी राजस्थानी दिवस का दूसरा एडिशन होगा। इसके लिए 11 अक्टूबर से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। इस आयोजन में देश-विदेश से प्रतिनिधि, इंडस्ट्री प्रोफेशनल्स, निवेशक, युवा और प्रवासी राजस्थानी शामिल होंगे। कार्यक्रम के जरिए राजस्थान से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाने और उद्योग व निवेश से जुड़े अवसरों पर संवाद का मौका मिलेगा। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रवासी राजस्थानी कार्य विभाग(डोरा) के अतिरिक्त मुख्य सचिव शिखर अग्रवाल ने कहा कि प्रवासी राजस्थानी दिवस राजस्थान और यहां के लोगों के बीच संबंध मजबूत करने का मंच है। दूसरे एडिशन में संवाद, सहयोग और राज्य में योगदान के नए अवसरों पर फोकस रहेगा। इंडस्ट्री, टूरिज्म और एनर्जी पर होंगे सेशन कार्यक्रम में टूरिज्म, अर्बन डेवलपमेंट, इंडस्ट्री, एनर्जी और माइन्स जैसे सेक्टर्स पर सेशन होंगे। इनमें निवेश की संभावनाओं, नए बिजनेस अवसरों और अलग-अलग सेक्टर्स में सहयोग पर चर्चा होगी। प्रवासी राजस्थानी सेशन भी होगा, जिसमें लोग सरकारी अधिकारियों, इंडस्ट्री प्रतिनिधियों और विशेषज्ञों से सीधे बातचीत कर सकेंगे। पिछले साल करीब 5 हजार लोगों ने लिया था हिस्सा शिखर अग्रवाल ने बताया कि प्रवासी राजस्थानी दिवस का पहला एडिशन 10 दिसंबर 2025 को JECC में हुआ था। इसमें देश-विदेश से करीब 5 हजार प्रवासी राजस्थानी और अन्य प्रतिनिधि शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रवासी राजस्थानियों को राज्य से जोड़ना और उनके अनुभव, विशेषज्ञता व निवेश के जरिए राजस्थान में नए अवसर तैयार करना है। उन्होंने प्रवासी राजस्थानियों, युवा प्रोफेशनल्स, उद्यमियों और कॉरपोरेट जगत के प्रतिनिधियों से इसमें भाग लेने की अपील की है। यहां करें रजिस्ट्रेशन प्रवासी राजस्थानी दिवस में शामिल होने के लिए इस लिंक पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं-
https://rising.rajasthan.gov.in/pravasi-divas/registration

