जयपुर: खासा कोठी पुलिया हटाओ, जाम से मुक्ति दिलाओ; राजस्थान पत्रिका को एक दिन में सैकड़ों लोगों ने भेजे सुझाव

जयपुर: खासा कोठी पुलिया हटाओ, जाम से मुक्ति दिलाओ; राजस्थान पत्रिका को एक दिन में सैकड़ों लोगों ने भेजे सुझाव

Jaipur Khasa Kothi Flyover Controversy: जयपुर: उल्टे और बेतुके निर्माण की मिसाल बना खासा कोठी पुलिया अब लोगों के लिए रोज की परेशानी बन चुकी है। एमआइ रोड से कलक्ट्रेट सर्कल तक जाम, समय की बर्बादी और वाहनों के धुएं से त्रस्त सैकड़ों लोगों ने राजस्थान पत्रिका के अभियान पर फीडबैक देकर अपना समर्थन व्यक्त किया। किसी ने दिल्ली की तरह अनुपयोगी साबित हो रहे फ्लाईओवर को ध्वस्त करने का सुझाव दिया तो किसी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से रिकवरी की बात कही। ज्यादातर लोगों ने मौजूदा पुलिया को ध्वस्त कर यातायात की जरूरत के अनुसार नई एलिवेटेड रोड बनाने की मांग की।

jaipur khasa kothi flyover controversy
खासा कोठी पुलिया का दृश्य

गलती को और क्यों ढोना…सही दिशा में बने फ्लाईओवर

मुझे रोज तीन-चार बार एमआइ रोड की ओर जाना पड़ता है। करीब 30 मिनट ज्यादा समय लेकर घर से निकलता हूं। मौजूदा ओवरब्रिज को तोड़ना चाहिए। नया निर्माण चिंकारा कैंटीन से कलक्ट्रेट सर्कल होते हुए गवर्नमेंट हॉस्टल तक एलिवेटेड रोड के रूप में होना चाहिए।
— हरीश अग्रवाल, सिंधी कॉलोनी

इस पुलिया को जब भी देखता हूं, दिमाग में भ्रष्टाचार और रसूखदारों की छवि उभरती है। आमजन रोज परेशान होता है। कभी एंबुलेंस तो कभी फायर ब्रिगेड फंस जाती है। इसे हटाना चाहिए।
— कुमार जयंत बाहेती, जयपुर

खासाकोठी पुलिया को ध्वस्त करना ही बेहतर विकल्प है। एमआइ रोड की तरफ से कलक्ट्रेट सर्कल तक नया फ्लाईओवर होना चाहिए, जिससे आने वाले दिनों में जाम से नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
— भूपेश माहुर, पोलोविक्ट्री

एक गलत निर्णय का खमियाजा आसपास रहने वालों को ही नहीं, यहां से गुजरने वाले लोगों को भी भुगतना पड़ता है। इस गलती को ढोने की बजाय इसे दुरुस्त करें और सही दिशा में फ्लाईओवर बनाएं।
— योगेश शर्मा, बड़ोदिया बस्ती

jaipur khasa kothi flyover controversy
खासा कोठी पुलिया से कलक्ट्रेट सर्कल की ओर जाने वाली सड़क पर लगा जाम

सुझाव के साथ आक्रोश भी

संबंधित विभाग के अधिकारियों से इसकी रिकवरी की जानी चाहिए।
— जुगल किशोर अग्रवाल

यह इंजीनियरों की अदूरदर्शिता की निशानी है। ऐसा ही निर्माण सिविल लाइंस आरओबी में भी देखने को मिलता है।
— सूरज थिरानी

कलक्ट्रेट सर्कल, पोलोविक्ट्री, बनीपार्क और स्टेशन रोड पर जाम के हालात रहते हैं।
— प्रकाश शर्मा

मेरे रोज 40 मिनट खराब होते हैं। जितनी जल्दी हो, इसे ध्वस्त किया जाना चाहिए।
— लोकेंद्र खंडेलवाल

दिल्ली में गलत फ्लाईओवर हटाया जा चुका है, तो यहां भी इसे हटाना ठीक है।
— मुकेश शर्मा

फ्लाईओवर शुरू से ही गलत दिशा में बनाया गया था, फिर किसी ने इसे क्यों नहीं रोका?
— महेश

इसे पार्किंग के रूप में उपयोग में लिया जाए और नया फ्लाईओवर बनाया जाए।
— शरद भुखमारिया

कलक्ट्रेट सर्कल से जीपीओ की ओर नया फ्लाईओवर बनना चाहिए।
— राजवीर झाझड़िया

remove khasakothi flyover
खासा कोठी पुलिया के समीप लगा जाम

सांसों में घुल रहा गाड़ियों का धुआं

समस्या केवल समय की बर्बादी की ही नहीं है। जाम में फंसे सैकड़ों लोग आधे घंटे तक गाड़ियों से निकलने वाला जहरीला धुआं सांस के साथ अंदर लेने को मजबूर हैं। यह प्रदूषण सामान्य व्यक्ति के लिए हानिकारक है, लेकिन बच्चों, बुजुर्गों तथा अस्थमा और फेफड़ों की अन्य बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए घातक हो सकता है। पत्रिका लगातार इस तरह के मुद्दे उठाता रहा है। मुझे लगा कि यही सही मंच है, जहां मैं अपनी बात रख सकता हूं।
— डॉ. वीरेन्द्र सिंह, अस्थमा रोग विशेषज्ञ, जयपुर

remove khasakothi flyover
फ्लाईओवर के समीप लगा जाम

आप भी बताएं

क्या आप भी इस उल्टे फ्लाईओवर से परेशान हैं? क्या इस ढांचे को तोड़कर सही रूट पर नया फ्लाईओवर बनाना चाहिए? हमें 9057531314 पर व्हाट्सएप कर संक्षिप्त में जवाब भेजें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *