जयपुर की होटल में युवक की मौत : MLA की एंट्री के बाद खुला जाम, 25 लाख और संविदा पर नौकरी पर बनी सहमति

जयपुर की होटल में युवक की मौत : MLA की एंट्री के बाद खुला जाम, 25 लाख और संविदा पर नौकरी पर बनी सहमति

जयपुर। बजाज नगर थाना इलाके में टोंक रोड स्थित एक होटल में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने शुक्रवार को तूल पकड़ लिया। मृतक के परिजनों और वकीलों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताई और थाने के बाहर धरना शुरू कर दिया। बाद में प्रदर्शनकारी टोंक रोड पर पहुंच गए और सड़क जाम कर दी। करीब सवा घंटे तक यातायात बाधित रहने के बाद विराटनगर विधायक कुलदीप धनखड़ की मध्यस्थता से प्रशासन और परिजनों के बीच मांगों पर सहमति बनी। इसके बाद प्रदर्शन खत्म हुआ और परिजन शव लेने के लिए राजी हुए।

जानकारी के अनुसार विराटनगर क्षेत्र के मेड गांव निवासी प्रेमप्रकाश खींची (32) दो दिन पहले आगरा से जयपुर आया था। वह टोंक रोड स्थित ब्लू शाइन होटल में ठहरा हुआ था। बुधवार शाम होटल के कमरे में उसका शव मिला था। युवक की मौत की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। हालांकि, मौत की परिस्थितियों को लेकर परिजनों ने सवाल उठाते हुए इसे हत्या बताया और निष्पक्ष जांच की मांग की।

शुक्रवार दोपहर मृतक की पत्नी सोनिया, मां और परिवार की अन्य महिलाएं बजाज नगर थाने के बाहर पहुंचीं और धरने पर बैठ गईं। कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए कुछ वकील भी प्रदर्शन में शामिल हो गए। देखते ही देखते विरोध बढ़ गया और प्रदर्शनकारियों ने टोंक रोड पर जाम लगा दिया।

टोंक फाटक से गोपालपुरा तक लगा जाम

प्रदर्शन के कारण टोंक रोड पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। टोंक फाटक से गोपालपुरा तक करीब चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त जाप्ता मौके पर बुलाया और यातायात को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

विधायक पहुंचे, मांगों पर बनी सहमति

स्थिति बिगड़ने की जानकारी मिलने के बाद विराटनगर विधायक कुलदीप धनखड़ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और उनकी मांगें सुनीं। प्रशासन और परिजनों के बीच बातचीत के बाद 25 लाख रुपए की आर्थिक सहायता, डेयरी बूथ और संविदा पर नौकरी देने की मांग पर सहमति बनी।

सहमति बनने के बाद परिजनों और प्रदर्शनकारियों ने धरना समाप्त कर दिया। इसके बाद सड़क से प्रदर्शनकारी हटे और टोंक रोड पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य हुआ। परिजन शव लेने के लिए भी राजी हो गए।

फिलहाल पुलिस युवक की मौत के कारणों और होटल में हुई घटनाओं की जांच कर रही है। परिजनों की ओर से लगाए गए हत्या के आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

यह वीडियो भी देखें :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *