जयपुर- कांग्रेस से टिकट के दावेदारों ने शुरू किया प्रचार:नामांकन से पहले वार्ड के लोगों से मिलकर वोट देने की अपील कर रहे

जयपुर- कांग्रेस से टिकट के दावेदारों ने शुरू किया प्रचार:नामांकन से पहले वार्ड के लोगों से मिलकर वोट देने की अपील कर रहे

जयपुर में निकाय चुनाव का सियासी संग्राम अब जमीन पर दिखाई देने लगा है। किशनपोल विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के टिकट की दावेदारी करने वाले घर-घर पहुंचकर लोगों से मिल रहे हैं। अपने-अपने वार्डों में चुनावी माहौल बनाने में जुट गए हैं। किशनपोल विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 110 से सुनीता मेठी ने टिकट मांगा है। सुनीता मेठी के पति अरविंद मेठी निवर्तमान पार्षद हैं। अरविंद मेठी लंबे समय से वार्ड की राजनीति और जनसमस्याओं से जुड़े रहे हैं। अब सुनीता मेठी के चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी के साथ ही परिवार जनसंपर्क शुरू कर दिया है। वे लोगों के बीच जाकर वोट की अपील कर रहे हैं। किशनपोल विधानसभा क्षेत्र के दूसरे वार्डों में भी कांग्रेस के दावेदार सक्रिय हो गए हैं। वार्ड नंबर 109 से मोहम्मद अयूब, वार्ड 106 से जुगल गुर्जर, वार्ड 114 से मोहम्मद शेरम और वार्ड 111 से ज्वाला प्रसाद तिवाड़ी को भी पार्टी की ओर से नामांकन की तैयारी करने का इशारा मिल चुका है। इसके बाद ये सभी संभावित प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्रों में डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर रहे हैं। सूची से पहले ही शुरू हुआ चुनाव प्रचार आधिकारिक उम्मीदवार सूची अभी जारी नहीं हुई है, लेकिन टिकट मिलने के संकेत के बाद संभावित प्रत्याशी किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहते। यही वजह है कि नामांकन दाखिल होने से पहले ही कार्यकर्ताओं की बैठकें, स्थानीय लोगों से मुलाकात और घर-घर जनसंपर्क तेज कर दिया गया है। संभावित प्रत्याशी अपने वार्डों में स्थानीय मुद्दों को समझने के साथ ही मतदाताओं से सीधे संवाद करने में जुटे हैं। कई जगह कार्यकर्ता भी दावेदारों के समर्थन में सक्रिय नजर आ रहे हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस इस बार स्थानीय स्तर पर सक्रिय और क्षेत्र में पकड़ रखने वाले कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने की रणनीति पर काम कर रही है। अरविंद मेठी बोले- अब पत्नी पर होगी दोहरी जिम्मेदारी वार्ड 110 से संभावित पार्षद प्रत्याशी सुनीता मेठी के पति और निवर्तमान पार्षद अरविंद मेठी ने कहा कि अब तक मैं अकेले जनता की सेवा करता रहा हूं। अब पत्नी को पार्टी की ओर से जिम्मेदारी मिलने के बाद जिम्मेदारी और बढ़ जाएगी। उसे घर के साथ ही पूरे वार्ड को भी अपना घर समझना होगा और आम लोगों की हर जरूरत व समस्या का ध्यान रखना होगा। शनिवार को कई दावेदार भर सकते हैं नामांकन जयपुर में कांग्रेस पार्टी के कई संभावित प्रत्याशी शनिवार को अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। हालांकि पार्टी की ओर से उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची का इंतजार किया जा रहा है। संभावना जताई जा रही है कि कांग्रेस की सूची शनिवार देर रात जारी हो सकती है। अगर सूची में देरी होती है तो रविवार तक प्रत्याशियों के नाम सामने आने की संभावना है। कांग्रेस की टिकट सूची को लेकर दावेदारों और कार्यकर्ताओं में उत्सुकता बनी हुई है। पार्टी के कई कार्यकर्ता लंबे समय से टिकट की दौड़ में शामिल हैं और अब अंतिम निर्णय का इंतजार कर रहे हैं। आदर्श नगर और सिविल लाइंस में भी बढ़ी हलचल किशनपोल विधानसभा क्षेत्र के साथ ही आदर्श नगर और सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्रों में भी कांग्रेस ने संभावित प्रत्याशियों को नामांकन की तैयारी करने का इशारा किया है। ऐसे में इन विधानसभा क्षेत्रों के कई वार्डों में भी चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *