जमुई एनकाउंटर के बाद विपक्ष पर बरसे ललन सिंह, बोले- 2005 से पहले शाम ढलते ही डरती थीं बहन-बेटियां, अब अपराधी सही जगह पहुंच रहे

जमुई एनकाउंटर के बाद विपक्ष पर बरसे ललन सिंह, बोले- 2005 से पहले शाम ढलते ही डरती थीं बहन-बेटियां, अब अपराधी सही जगह पहुंच रहे

Lalan Singh: बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई पर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा कि बिहार में कानून का राज है और पुलिस ऐसे मामलों में तेजी से कार्रवाई कर रही है। ललन सिंह ने विपक्ष के नेताओं के बयानों पर भी पलटवार किया। 

Lalan Singh on Jamui Case: बिहार के जमुई जिले एक नाबालिग लड़की के साथ हुई छेड़छाड़ और अश्लील हरकत के मामले में पुलिस ने एनकाउंटर के बाद मुख्य आरोपी नंदन यादव को गिरफ्तार कर लिया है। इस मुठभेड़ के बाद जदयू के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर विपक्षी दलों पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पुलिस की इस कार्रवाई से साबित होता है कि बिहार में कानून का राज है और अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

रोंगटे खड़े करने वाली इस घटना पर विपक्ष कर रहा राजनीति : ललन सिंह

अपने वीडियो में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा कि जमुई में नाबालिग बच्ची के साथ घटी घटना अत्यंत दुखदायी और रोंगटे खड़े कर देने वाली थी। लेकिन उस घटना के तुरंत बाद बिहार के कुछ नेताओं ने उस पर अपनी ओछी सियासत शुरू कर दी। ललन सिंह ने कहा कि विरोधियों को शायद यह अंदाजा नहीं है कि बिहार में कानून का राज है, जिसे नीतीश कुमार ने 2006 में स्थापित किया था और वर्तमान सरकार भी उसी सिद्धांत पर पूरी सख्ती से काम कर रही है।

2005 से पहले का दौर याद कर लें विपक्ष के नेता : ललन सिंह

विपक्ष के हमलों पर पलटवार करते हुए ललन सिंह ने कहा, “हम उन राजनीतिक वीरों से आग्रह करेंगे कि वे 2005 के पहले का बिहार जरा याद कर लें। उस दौर में सूर्यास्त के बाद कोई भी व्यक्ति घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पाता था। कोई बहू-बेटी शाम ढलने के बाद नहीं निकलती थी और अगर कोई घटना घट जाती थी, तो उसकी सुध लेने वाला कोई नहीं था।”

दोषियों को उनकी सही जगह पहुंचाया जाएगा: ललन सिंह

ललन सिंह ने कहा कि आज के बिहार में कानून का राज है और पुलिस प्रशासन दोषियों को सजा दिलाने के लिए तेजी से कार्रवाई कर रहा है। पूरी सरकार और समाज पीड़ित परिवार के साथ मज़बूती से खड़ा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यह तेज कार्रवाई जारी रहेगी और इस शर्मनाक घटना में शामिल सभी अपराधियों को उनकी सही जगह यानी सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

19 सितंबर का है मामला

पुलिस के मुताबिक, यह घटना 19 सितंबर को जमुई में हुई, जहां कुछ लोगों ने एक नाबालिग छात्रा और उसके पुरुष दोस्त को रोका और उनके साथ मारपीट व बदसलूकी की। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। उन्होंने कई संदिग्धों की पहचान की और मामले की जांच के लिए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई।

जानकारी के मुताबिक, जांच के शुरुआती दौर में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि बाकी संदिग्धों की तलाश जारी रही। इसी क्रम में नंदन यादव के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई। पुलिस कार्रवाई के दौरान नंदन यादव के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया।

  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *