कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के लहौरपुर गांव में जमीन के सौदे के बाद पांच लाख रुपये नहीं मिलने और जमीन पर कब्जे के विवाद से परेशान किसान ने बुधवार सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के मुताबिक, किसान जमीन के रुपये नहीं मिलने और मामले को लेकर चल रहे मुकदमे के कारण काफी समय से तनाव में थे। सुबह पत्नी कमरे में पहुंचीं तो किसान का शव फंदे से लटकता मिला। उनकी चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर महाराजपुर पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सात लाख में हुआ था दस बिस्वा जमीन का सौदा लहौरपुर गांव निवासी श्रीपाल (55) किसान थे। परिवार में पत्नी मिथलेश देवी और दो बेटे रवि व गोपाल हैं। बेटा रवि सब्जी बेचने का काम करता है। रवि ने बताया कि उसके पिता और चाचा संतोष सिंह ने पिछले वर्ष पैसों की जरूरत के चलते अपनी दस बिस्वा जमीन गंगासागर नाम के परिचित को सात लाख रुपये में बेचने का सौदा किया था। आरोप है कि गंगासागर ने जमीन का बैनामा अपने नाम करा लिया, लेकिन सौदे की पूरी रकम नहीं दी। चार चेक में तीन बाउंस होने का आरोप रवि के मुताबिक, जमीन के सौदे के दौरान गंगासागर ने चार चेक दिए थे। इनमें दो लाख रुपये की एक चेक क्लियर हो गई, जबकि पांच लाख रुपये की तीन चेक बाउंस हो गईं। आरोप है कि रकम का भुगतान नहीं होने के बावजूद जमीन पर कब्जा कर लिया गया। इसके बाद श्रीपाल ने चेक बाउंस होने को लेकर मुकदमा भी दर्ज कराया था। बेटे का आरोप है कि मुकदमा दर्ज कराने के बाद भी पिता को रुपये नहीं मिले और जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद बना रहा। कार्रवाई के लिए उन्हें लगातार थाना, चौकी और कचहरी के चक्कर लगाने पड़ रहे थे। इससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगे थे। रवि के मुताबिक, पिता को लगातार यह डर सताता था कि उनकी जमीन पर जबरन कब्जा हो जाएगा और उन्हें जमीन की बाकी रकम भी नहीं मिलेगी। रोज की तरह चार बजे उठे, चाय बनाई और कमरे में चले गए परिजनों ने बताया कि बुधवार सुबह श्रीपाल रोज की तरह करीब चार बजे उठे थे। उन्होंने किचन में जाकर चाय बनाई और चाय पीने के बाद अपने कमरे में चले गए। कुछ देर बाद पत्नी मिथलेश देवी कमरे में पहुंचीं तो श्रीपाल का शव रस्सी के सहारे पंखे से लटका मिला। शव देखते ही उनकी चीख निकल गई। आवाज सुनकर परिवार के अन्य लोग भी कमरे में पहुंचे। किसान को फंदे से लटका देखकर घर में कोहराम मच गया। फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य परिजनों ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही महाराजपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपों की जांच के बाद होगी कार्रवाई महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि किसान के परिजनों ने जमीन के रुपये नहीं मिलने और जमीन पर कब्जे को लेकर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

