जमशेदपुर के आदित्यपुर के जियाडा सर्विस लेन में देर रात फास्ट फूड ठेले पर विवाद के बाद मारपीट हो गई। इसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। मृतक की पहचान जमशेदपुर के मानगो निवासी शेखर के रूप में हुई है। घटना रात करीब 12:30 बजे की है। जानकारी के अनुसार, फास्ट फूड ठेले पर कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट होने लगी। इस दौरान कई युवक घायल हो गए। हालांकि, घायलों की कुल संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ था, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। TMH में शेखर को मृत घोषित किया, दूसरा युवक गंभीर मारपीट में घायल युवकों को इलाज के लिए जमशेदपुर के टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने मानगो निवासी शेखर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, एक अन्य युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह और एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से भी पूछताछ की। घटना के दौरान मौजूद लोगों और विवाद में शामिल युवकों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि कहासुनी किस वजह से शुरू हुई और मारपीट में कौन-कौन शामिल था। आपसी विवाद में मारपीट की आशंका एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि आपसी विवाद के कारण मारपीट हुई। इसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल है। विवाद की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल युवकों की पहचान की जा रही है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ घायलों से भी जानकारी जुटाई गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद के दौरान कितने युवक मौजूद थे और मारपीट में किसकी क्या भूमिका थी। फिलहाल, घटना के कारणों और इसमें शामिल लोगों को लेकर जांच जारी है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही विवाद की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।

