‘जब एक्स-मिनिस्टर के परिवार का ये हाल है, तो आम आदमी का क्या होगा?’- बाबा सिद्दीकी हत्याकांड पर जीशान ने किया सवाल

‘जब एक्स-मिनिस्टर के परिवार का ये हाल है, तो आम आदमी का क्या होगा?’- बाबा सिद्दीकी हत्याकांड पर जीशान ने किया सवाल

Baba Siddique Murder: एनसीपी (अजीत पवार गुट) के नेता और एमएलसी जीशान सिद्दीकी ने खुद और अपने परिवार की सुरक्षा बढ़ाने को लेकर महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम और राज्य के मुख्य सचिव से मुलाकात की है। जीशान सिद्दीकी ने बताया कि उन्हें और उनके परिवार को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा में कोई इजाफा नहीं किया गया है। मुलाकात के बाद जीशान सिद्दीकी ने कहा कि मुझे और मेरे परिवार को बार-बार धमकियां मिल रही हैं। लगभग तीन बार गंभीर धमकियां मिलने के बावजूद अब तक हमारी सुरक्षा नहीं बढ़ाई गई है।

जीशान सिद्दीकी ने अपना दर्द बयां किया

उन्होंने कहा कि अगर किसी जनप्रतिनिधि या नागरिक को जान का खतरा है, तो सुरक्षा बढ़ाने की प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जाना चाहिए। इसी मांग को लेकर मैंने मंत्रियों और अधिकारियों से बात की है। वहीं पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या के 2 साल पूरे होने पर जांच की रफ्तार पर सवाल उठाते हुए जीशान सिद्दीकी ने अपना दर्द बयां किया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच बहुत धीमी गति से चल रही है। उन्होंने कहा कि हम न्यायपालिका पर पूरा भरोसा करते हैं। अगर कोई नागरिक न्यायपालिका पर विश्वास नहीं करेगा, तो इस देश में आम आदमी का क्या होगा? मेरे पिता तो पूर्व मंत्री थे, जब उनके साथ ऐसा हादसा हुआ और हमें आज तक न्याय के लिए इंतजार करना पड़ रहा है, तो समझा जा सकता है।

पहले मिली थी धमकी

उन्होंने आरोप लगाया कि इस साजिश के असली मास्टरमाइंड और कई संदिग्धों से तो अभी तक पूछताछ भी नहीं हुई है। हमारे मन में कई सवाल हैं और हम उम्मीद करते हैं कि प्रशासन और अदालत से हमें जल्द से जल्द इन सवालों के जवाब और न्याय मिलेगा। उल्लेखनीय है कि बीते माह जीशान सिद्दीकी को गैंगस्टर जीशान अख्तर के नाम से एक धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला था। उस दौरान विदेश में मौजूद सिद्दीकी ने तुरंत इसकी सूचना महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और मुंबई पुलिस कमिश्नर देवन भारती को दी।

बहन को भी मिली धमकी

इससे पहले 7 अगस्त को उनकी बहन को भी सोशल मीडिया के जरिए धमकी भरा ऑडियो प्राप्त हुआ था, जिस पर बांद्रा पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ मामला दर्ज किया। तब पुलिस ने स्पष्ट किया था कि सिद्दीकी को सीधा कोई संदेश नहीं भेजा गया है। हालांकि, सिद्दीकी पहले भी असामाजिक तत्वों के निशाने पर रहे हैं। इससे पूर्व एक अज्ञात ईमेल से मिली जान से मारने की धमकी के बाद बांद्रा स्थित उनके आवास की सुरक्षा सतर्कता के तौर पर सख्त कर दी गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *