गणेश विसर्जन पर्व को लेकर नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। ग्वारीघाट के आगे भटौली स्थित गणेश विसर्जन कुंड में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। यहां कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां नगर निगम के कर्मचारी तीन शिफ्टों में ड्यूटी करेंगे। 35 से 40 फीट गहरा है कुंड भटौली कुंड की गहराई करीब 35 से 40 फीट है। इसमें मां नर्मदा का शुद्ध जल प्रवाहित किया जा रहा है। अनुमान है कि यहां करीब 4 हजार छोटी-बड़ी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन होगा। सुरक्षा के लिए गोताखोर, नाविक और होमगार्ड की करीब 40 सदस्यीय टीमें 24 घंटे तैनात रहेंगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम और पुलिस बल भी मौजूद रहेगा। बड़ी प्रतिमाओं के लिए क्रेन, छोटी के लिए 4 नाव बड़ी गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए क्रेन और पट्टे की व्यवस्था की गई है। छोटी प्रतिमाओं का विसर्जन 4 नावों के जरिए प्रशिक्षित नाविकों की मदद से कराया जाएगा। विसर्जन स्थल पर एक समय में करीब 400 से 500 लोग मौजूद रह सकेंगे। वन-वे रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था भीड़ और यातायात को नियंत्रित करने के लिए वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी। मेन रोड की तरफ से वाहन कुंड की ओर आएंगे, जबकि विसर्जन के बाद वाहन कुंड से सीधे हाथ की तरफ बने निकास मार्ग से बाहर निकलेंगे। पूजा सामग्री और फूल-मालाओं के लिए नगर निगम की विशेष कचरा गाड़ियां भी लगाई गई हैं। संभागीय अधिकारी संतोष पांडे और उपयंत्री अभिषेक तिवारी भी व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए मौके पर मौजूद रहेंगे।

