गोरखपुर में कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर हर तरफ खास रौनक है। शहर के प्रमुख जगहों गोरखनाथ मंदिर, गीता वाटिका, इस्कॉन मंदिर और जलकल परिसर में भव्य आयोजन को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। हर साल इन जगहों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। मंदिरों में देर रात तक भजन-कीर्तन, महा-अभिषेक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बाल रूप सज्जा प्रतियोगिता और महाप्रसाद का दौर चलेगा। गोरखनाथ मंदिर में CM योगी भगवान कृष्ण के बालरूप को झूला झुलाएंगे। उसके बाद प्रसाद वितरण के साथ प्रोग्राम का समापन होगा। वहीं जलकल परिसर में लगने वाले पारंपरिक मेले का शहरवासी सुबह से ही जमकर लुत्फ उठाएंगे। रात 12 बजे तक उत्सव का माहौल बना रहेगा। शाम 7 बजे से शुरू होगा गोरखनाथ मंदिर में प्रोग्राम
गोरखनाथ मंदिर परिसर में शाम 7 बजे से महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में बच्चों के लिए विशेष फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन रखा गया है। इसमें 1 से 5 वर्ष के बच्चे ‘कान्हा’ और 6 से 8 वर्ष के बच्चे ‘गोपाल’ के रूप में सज-धजकर हिस्सा ले रहे हैं। CM योगी बाल रूप को पालने में झुलाएंगे
उसके बाद मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ खुद बच्चों को दुलारते हुए उपहार और खिलौने बांटेंगे। इसके बाद मंदिर के मुख्य प्रांगण और गर्भगृह के सामने भजनों की मधुर प्रस्तुतियां होंगी। प्रोग्राम के आयोजक राकेश ने बताया कि रात 12 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्री कृष्ण का जन्म होते ही सीएम योगी बाल रूप को पालने में झुलाएंगे। जन्मोत्सव के बाद प्रसाद वितरण कर प्रोग्राम का समापन होगा। गीता वाटिका में उमड़ेगा श्रद्धा का सैलाब
राधा-कृष्ण की साधना स्थली गीता वाटिका में भी जन्मोत्सव को लेकर बेहद खूबसूरत झांकियां सजाई गई हैं। यहां रात 10 बजे से कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। देर रात तक चलने वाले इस आयोजन में भक्त रात्रिकालीन बधाई गायन, अखंड हरिनाम संकीर्तन और रासलीला के दर्शन का आनंद लेंगे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पूरे परिसर में सुरक्षा और दर्शन की विशेष व्यवस्था की गई है। सचिव उमेश सिंघानिया ने बताया कि हर साल इस दिन सुबह से ही दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़नी शुरू हो जाती है। दूर दराज से श्रद्धालु यहां पहुंच कर आशीर्वाद लेते हैं। इस्कॉन में फोक आरती से शुरू होगा प्रोग्राम
उधर इस्कॉन मंदिर (ISKCON) की ओर से दिनभर धार्मिक और सांस्कृतिक अनुष्ठानों की धूम रहेगी। ओपन आई रिजॉर्ट में शाम 4 से 5 बजे तक फोक आरती के बाद 5 से 6:30 बजे तक कृष्ण जन्म कथा का वाचन होगा। शाम 6:30 से 8 बजे तक दिव्य स्नान, 8 से 9:30 बजे तक बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, 9:30 से 11 बजे तक कलश अभिषेक और 11 से 12 बजे तक महाभिषेक चलेगा। मध्यरात्रि 12:30 बजे भव्य महाआरती के बाद श्रद्धालुओं में महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। जलकल में लगेगा भव्य मेला
जन्माष्टमी के इस खास मौके पर गोलघर स्थित जलकल बिल्डिंग परिसर में पारंपरिक और भव्य मेले का आयोजन किया गया है। मेले में रंग-बिरंगी लाइटों की सजावट के साथ बच्चों के लिए बड़े-बड़े झूले, चकरी और वॉटर बोट लगाए गए हैं। खाने-पीने के शौकीनों के लिए चाट, गोलगप्पे, पाव भाजी और मिठाइयों के स्टॉल सजे हैं। इसके अलावा हस्तशिल्प, खिलौने और घर के सामान की दुकानों पर लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। रात 12 बजे तक चलने वाले इस मेले में सुरक्षा के लिए कड़े पुलिस इंतजाम किए गए हैं, जिससे पूरा परिवार बेफिक्र होकर उत्सव का आनंद उठा सकते हैं।

