जन्मदिन मना रहे युवक की पिकअप से दबकर मौत:परिजन बोले- बर्थडे की बधाई देने बुलाकर पिकअप से रौंदकर हत्या हुई, पुलिस बोली- हर एंगल से कर रहे जांच, करणी सेना ने थाना घेरा

जन्मदिन मना रहे युवक की पिकअप से दबकर मौत:परिजन बोले- बर्थडे की बधाई देने बुलाकर पिकअप से रौंदकर हत्या हुई, पुलिस बोली- हर एंगल से कर रहे जांच, करणी सेना ने थाना घेरा

भिलाई के जामुल थाना क्षेत्र में जन्मदिन मनाने के दौरान हुए विवाद के बाद 21 साल के अंकित सिंह की मौत हो गई। परिजनों और करणी सेना का आरोप है कि विवाद के बाद अंकित को बोलेरो पिकअप से कुचलकर मार दिया गया। घटना 25 सितंबर की रात कुरुद वार्ड की है। मामले को लेकर 27 सितंबर को करणी सेना ने जामुल थाने का घेराव किया और दोषियों पर हत्या की धाराओं में कार्रवाई की मांग की। अंकित सिंह कैलाश नगर का रहने वाला था। 25 सितंबर को उसका जन्मदिन था। वह अपने दोस्तों के साथ सुंदर विहार फेस-2 स्थित दुर्गा पंडाल गार्डन में केक काटकर जन्मदिन मना रहा था। इसी दौरान उसके कुछ परिचित युवक वहां पहुंचे। इनमें गोपी सरदार भी था। बताया जा रहा है कि गोपी ने दोबारा केक काटने की बात कहते हुए अंकित को अपने साथ कुछ दूर चलने के लिए कहा। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर अंकित के दोस्तों ने बीच-बचाव किया और उसे वहां से हटा लिया। दोबारा भी कुचलने की कोशिश
आरोप है कि विवाद से नाराज गोपी सरदार बोलेरो पिकअप लेकर अंकित के पीछे पहुंचा। इसके बाद वाहन से अंकित को टक्कर मार दी गई। उसके दोस्तों का आरोप है कि पिकअप को वापस मोड़कर दोबारा अंकित को कुचलने की कोशिश भी की गई। घटना में अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया। दोस्त उसे तत्काल चंदूलाल चंद्राकर स्मृति अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। जामुल पुलिस ने दर्ज किया अपराध
पुलिस का कहना है कि अंकित की मौत बोलेरो पिकअप की ठोकर से हुई है। जामुल थाना प्रभारी राकेश खुटेश्वर के मुताबिक अंकित जन्मदिन की पार्टी में था। केक काटने के बाद विवाद की बात सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जामुल पुलिस ने इस मामले में 184-MOT, 105-BNS, 110-BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। जबकि परिजनों और करणी सेना की मांग है कि इस मामले में 103 हत्या की धारा लगाई जाए। जामुल थाने पहुंचे करणी सेना के पदाधिकारी
इधर अंकित की मौत को लेकर करणी सेना ने शनिवार की रात और रविवार दिन में जामुल थाने का घेराव किया। करणी सेना के अभिषेक कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि अंकित को जन्मदिन की बधाई देने के बहाने बुलाया गया था और इसके बाद पिकअप से कुचलकर उसकी हत्या कर दी गई। अभिषेक सिंह के मुताबिक घटना की जानकारी रात करीब 11:30 बजे मिली थी। इसके बाद अंकित को न्याय दिलाने की मांग को लेकर करणी सेना के लोग जामुल थाने पहुंचे। उनका कहना है कि रात करीब 1:30 बजे तक थाने में पुलिस और करणी सेना के बीच तनाव की स्थिति बनी रही। करणी सेना बोली- जल्द न्याय मिले, नहीं तो आंदोलन
करणी सेना ने कहा कि मामले में पीड़ित परिवार के साक्ष्य और गवाह मौजूद हैं। इसके बावजूद अगर जानबूझकर वाहन चढ़ाने की बात सामने आने पर हत्या से जुड़ी धाराओं में कार्रवाई नहीं होती है, तो यह गंभीर मामला है। संगठन ने निष्पक्ष जांच, दोषियों पर उचित कानूनी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को जल्द न्याय देने की मांग की है। न्याय नहीं मिला तो आगे और आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है। पुलिस की जांच में यह स्पष्ट होगा कि अंकित की मौत वाहन की ठोकर से हुई दुर्घटना थी या विवाद के बाद उसे जानबूझकर वाहन से कुचला गया। मामले में हर एंगल पर हो रही जांच: एएसपी
एएसपी सिटी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि जामुल थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर लड़ाई झगड़ा हुआ। इसी दौरान एक युवक के द्वारा पिकअप चलाया जा रहा था। जिससे वहां मौजूद अंकित की पिकअप से दबकर मौत हो गई है। इस घटना में हर एंगल से जांच की जा रही है कि किन परिस्थितियों में दब कर युवक की मौत हुई है। विवेचना में जिसकी भी संलिप्ता सामने आएगी उसके उपर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *