इटावा में जसवंतनगर थाना के पीपरीपुरा गांव में शनिवार रात करीब 10 बजे मामूली कहासुनी और मारपीट के बाद 33 वर्षीय राहुल यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों के अनुसार, राहुल दोस्त की जन्मदिन पार्टी से लौटकर घर जा रहा था। इसी दौरान गांव के ही चार नामजद लोगों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि पहले उसके साथ मारपीट की गई और फिर गोली मार दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की है। गोली लगने के बाद परिजन राहुल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टर श्याम मोहन ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल में परिजन और रिश्तेदारों की भीड़ जुट गई। डॉक्टर के अनुसार, युवक को कितनी गोलियां लगीं, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। बिजली चोरी के विरोध को लेकर हुआ था विवाद परिजनों के अनुसार, करीब छह महीने पहले बिजली चोरी के लिए कटिया डालने को लेकर राहुल ने गांव के कुछ लोगों को मना किया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। राहुल के बाबा जयवीर सिंह का आरोप है कि तभी से आरोपी उससे रंजिश मानते थे और पहले भी गोली मारने की धमकी दे चुके थे। परिवार का आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश में राहुल की हत्या की गई। इकलौता बेटा था राहुल राहुल अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का आरोप है कि घर लौटते समय गांव के लोगों ने पहले राहुल के साथ मारपीट की और बाद में गोली मार दी। पुलिस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश समेत अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित सीओ जसवंतनगर आयुषी सिंह ने बताया कि पीपरीपुरा में एक ही गांव के लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान कुछ लोगों ने युवक को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। थाना जसवंतनगर में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी और सीओ जसवंतनगर आयुषी सिंह जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से घटना की जानकारी ली और पुलिस टीम को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही वारदात के पीछे के विवाद और अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है।


