जगन्नाथ मंदिर में झूलन महोत्सव शुरू:झूले राधा-कृष्ण, उमड़े भक्त, 28 अगस्त तक प्रतिदिन सजेंगे प्रभु

जगन्नाथ मंदिर में झूलन महोत्सव शुरू:झूले राधा-कृष्ण, उमड़े भक्त, 28 अगस्त तक प्रतिदिन सजेंगे प्रभु

कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में रविवार को झूलन महोत्सव भक्तिभाव के साथ मनाया गया। हरे राम-हरे कृष्णा के संकीर्तन की भक्तिमय धुनों के बीच श्रीराधा-कृष्ण को फूलों और पत्तों से सजे मनमोहक प्राकृतिक झूले में विराजमान किया गया। मंदिर परिसर में हर तरफ फूलों की महक और हरियाली की छटा दिखाई दी। भगवान के दर्शन और झूलन उत्सव में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने बारी-बारी से भगवान को झोटा दिया और जयकारों के बीच दर्शन किए। मोगरे के सुगंधित फूलों के साथ अशोक और आम के पत्तों से विशेष झूला सजाया गया था। सिर पर मोरमुकुट और हाथों में बांसुरी धारण किए भगवान श्रीकृष्ण राधारानी के साथ झूले में विराजमान रहे। इस दौरान मंदिर परिसर में संकीर्तन गूंजता रहा। झूलन महोत्सव के तहत आकर्षक झांकियां और फूल बंगला भी सजाया गया, जिन्हें देखने के लिए भक्त उत्साहित नजर आए। 28 अगस्त तक प्रतिदिन होंगे कथा, कीर्तन और फूल बंगला मंदिर अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने श्रीकृष्ण जन्म कथा का वर्णन करते हुए झूलन यात्रा महोत्सव के धार्मिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह महोत्सव 28 अगस्त तक प्रतिदिन आयोजित किया जाएगा। इस दौरान मंदिर परिसर में कथा और कीर्तन के साथ फूल बंगला भी सजाया जाएगा। श्रद्धालु प्रतिदिन श्रीराधा-कृष्ण के झूलन के दर्शन कर सकेंगे। झूलन महोत्सव में भगवान श्रीजगन्नाथ के साथ बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र का भी विशेष श्रृंगार किया गया। फूलों से महकते फूल बंगले और गुलाबी रंग की मनमोहक पोशाक में सजे भगवान के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। कई भक्त भगवान के दर्शन के दौरान भक्ति में लीन होकर बलइयां लेते दिखाई दिए। आयोजन में नितेश अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, कान्ता प्रसाद अग्रवाल, संजीव बंसल, शैलेश बंसल, संजय कुकरैजा, राजेश मल्होत्रा, संजीव मित्तल, राजेश उपाध्याय, ओमप्रकाश, देव केशव और अदिति गौरांगी सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *