हमीरपुर में बुधवार सुबह राठ-गोहांड मार्ग पर आवारा मवेशी को बचाने के चक्कर में दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार सात लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी राठ पहुंचाया। एक घायल के हाथ में फ्रैक्चर होने के कारण उसे मेडिकल कॉलेज उरई रेफर किया गया है। बिगवां कुम्हरिया मोड़ के पास सुबह 5 बजे हादसा हादसा राठ कोतवाली क्षेत्र में राठ-गोहांड मार्ग पर बिगवां कुम्हरिया मोड़ के पास सुबह करीब 5 बजे हुआ। पुलिस के मुताबिक, एक वाहन गलत दिशा से आ रहा था। इसी दौरान सड़क पर आवारा मवेशी आ गया। उसे बचाने की कोशिश में दोनों कारें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के एयरबैग खुल गए और कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में आवारा मवेशी की भी मौत हो गई।
एक कार में 4 और दूसरी में 3 लोग थे एक कार में चार और दूसरी में तीन लोग सवार थे। हादसे में अमित शर्मा (31), निषाद खां (38), रोशन लाल शर्मा (55), मुंशी राम, अंकित (25), धीरेंद्र सिंह (32) और सुधा देवी (30) घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर सड़क पर यातायात भी सामान्य कराया गया। एक घायल मेडिकल कॉलेज रेफर राठ सीओ राजीव प्रताप ने बताया कि हादसे में सात लोग घायल हुए हैं। प्रारंभिक जांच में एक वाहन के गलत दिशा से आने की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि बाकी घायलों की हालत सामान्य है, जबकि एक घायल के हाथ में फ्रैक्चर होने के कारण उसे मेडिकल कॉलेज उरई रेफर किया गया है।

