जालौन में उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति अभियान के तहत आटा थाने में बेनी माधव तिवारी इंटर कॉलेज की कक्षा 10 की मेधावी छात्रा साक्षी को एक दिन का थाना प्रभारी बनाया गया। कार्यभार संभालते ही साक्षी ने आत्मविश्वास के साथ थाने की जिम्मेदारियां निभाईं। इस दौरान एक पीड़िता ने अपनी समस्या उनके सामने रखी। साक्षी ने उसकी बात गंभीरता से सुनी और मामले को समझते हुए तत्काल पुलिस बल को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पीड़िता के हित को ध्यान में रखते हुए संवेदनशीलता से निर्णय लिया। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करना और उन्हें महिला सुरक्षा, अधिकारों व पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराना है। मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को जिम्मेदारी देकर आत्मविश्वास बढ़ाने और महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। साक्षी की पहल से छात्राओं को आगे बढ़ने और नेतृत्व करने की प्रेरणा मिली।

