छतरपुर में गेट चोरी करने पहुंचे दो युवक:मकान मालिक की नजर पड़ते ही आरोपी गेट छोड़कर फरार, CCTV फुटेज पुलिस को सौंपी

छतरपुर में गेट चोरी करने पहुंचे दो युवक:मकान मालिक की नजर पड़ते ही आरोपी गेट छोड़कर फरार, CCTV फुटेज पुलिस को सौंपी

छतरपुर शहर में दिनदहाड़े चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में दूधनाथ मंदिर के पास दो युवक बैटरी ऑटो लेकर पहुंचे और एक मकान के बाहर रखा बड़ा लोहे का गेट चोरी करने का प्रयास किया। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई। मकान मालिक की नजर पड़ने और आवाज लगाने के बाद दोनों मौके से भाग निकले। सुबह 5 बजे ऑटो लेकर पहुंचे युवक जानकारी के अनुसार, दूधनाथ मंदिर के पास राहुल मेडिकल एजेंसी और चौधरी टायर के संचालक संजय अग्रवाल का मकान और दुकान है। मंगलवार तड़के करीब 5 बजे संजय अग्रवाल मॉर्निंग वॉक के लिए उठे थे। इसी दौरान उन्होंने तीसरी मंजिल से नीचे देखा तो एक बैटरी ऑटो उनके घर के बाहर आकर रुका। ऑटो से दो युवक नीचे उतरे और मकान के बाहर नाली निर्माण के लिए रखा बड़ा लोहे का गेट उठाने लगे। गेट उठाकर ऑटो में रखने लगे दोनों युवक लोहे के भारी गेट को उठाकर बैटरी ऑटो में रखने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान तीसरी मंजिल से संजय अग्रवाल की नजर उन पर पड़ गई। उन्होंने ऊपर से ही दोनों युवकों को आवाज लगाई और गेट ले जाने का कारण पूछा। अचानक आवाज सुनकर दोनों युवक घबरा गए। 150 रुपए की दिहाड़ी पर काम करने का दावा संजय अग्रवाल के मुताबिक, पूछताछ करने पर बैटरी ऑटो चालक ने बताया कि उसके साथ आया युवक उसे 150 रुपए की दिहाड़ी पर लेकर आया है। उसने दावा किया कि गेट को रेलवे स्टेशन के पास स्थित कबाड़ की दुकान पर ले जाना था। हालांकि, बातचीत के दौरान गेट लेकर आए युवक की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। मालिक की आवाज सुनकर भागा युवक मामला बिगड़ता देख गेट ले जाने के लिए ऑटो लेकर आया युवक मौके से भाग निकला। इसके बाद बैटरी ऑटो चालक ने भी तुरंत लोहे का गेट नीचे उतार दिया। संजय अग्रवाल जब तक तीसरी मंजिल से नीचे पहुंचे, तब तक दोनों युवक वहां से फरार हो चुके थे। मौके पर सिर्फ गेट नीचे रखा मिला। CCTV में कैद हुई पूरी घटना घटना के बाद मकान मालिक ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी। इसमें बैटरी ऑटो के पहुंचने से लेकर युवकों द्वारा गेट उठाने तक की पूरी गतिविधि रिकॉर्ड हुई है। CCTV फुटेज में दोनों युवकों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं। इसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने शुरू की जांच घटना के बाद संजय अग्रवाल ने सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मौके पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान और बैटरी ऑटो की जानकारी जुटा रही है। आरोपियों के पकड़े जाने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वे पहले भी इस तरह की चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *