Subodh Uniyal On Daler Mehndi Controversy: उत्तराखंड में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान मशहूर गायक दिलेर मेहंदी (Daler Mehndi) की परफॉर्मेंस को बीच में रोकने और उन पर नशे में होने का मंत्री सुबोध ने आरोप लगाया था। उन्होंने एक बार फिर मीका सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद नया बयान दिया है। इस विवाद के शांत होने की उम्मीद के बीच उन्होंने अपने रुख का बचाव किया है। उन्होंने साफ कहा कि उन्हें पहले से सिंगर की खराब सेहत के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई थी, और अगर तबीयत ठीक नहीं थी तो कार्यक्रम रद्द कर देना चाहिए था या जनता को इसकी जानकारी देनी चाहिए थी।
मंत्री सुबोध उनियाल ने मीका सिंह के बयान के बाद दलेर मेहंदी को लेकर की बात
मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी विवाद पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए सुबोध उनियाल ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों का जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि दिलेर मेहंदी एक बड़े कलाकार हैं और इसी वजह से उन्हें इस आयोजन में इतनी बड़ी राशि यानी 35 लाख रुपये के साथ आमंत्रित किया गया था। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ किया जाए।
सुबोध उनियाल ने अपने बयान की सफाई देते हुए आगे कहा, “देखिए, हमने तो शुरुआत भी नहीं की थी। यह बताइए अगर वो बड़े कलाकार न होते तो उनको बुलाया क्यों जाता? मैंने कहा ना, अगर किसी का स्वास्थ्य खराब है तो दो बातें हैं- मना भी किया जा सकता था और मंच पर जनता को भी बताया जा सकता था। मुझे भी बताया जा सकता था कि मेरी तबीयत ठीक नहीं है। चेहरे पर तो किसी के लिखा नहीं होता कि मेरी तबीयत खराब है। यह बात हमें बताई भी नहीं गई।”
वहीं, जब पत्रकारों ने मंत्री सुबोध से उनके दलेर मेहंदी संग कथित अपमानजनक व्यवहार और माफी मांगने को लेकर सवाल किया गया तो बिना कोई सीधा जवाब दिए सिर्फ “ठीक है” कहकर वहां से चले गए
मीका सिंह के बयान के बाद भी जारी है तनातनी
इससे पहले दिलेर मेहंदी के छोटे भाई और गायक मीका सिंह (Mika Singh) ने इस पूरे मामले पर कड़ा विरोध जताते हुए मंत्री से सार्वजनिक माफी की मांग की थी। लेकिन, बाद में यह खबरें भी सामने आईं कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले में हस्तक्षेप किया था और मीका सिंह को फोन कर भरोसा दिलाया कि राज्य में कलाकारों का हमेशा सम्मान किया जाएगा, जिसके बाद मीका ने इस विवाद से आगे बढ़ने की बात कही थी।
लेकिन मंत्री सुबोध उनियाल के इस ताज़ा बयान ने एक बार फिर इस पूरे मामले को सुर्खियों में ला दिया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि संगीत जगत और मेहंदी परिवार की तरफ से इस पर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

