चीन में ‘फ्लॉप’ हुई दुनिया की पहली 100% एआइ फिल्म, 12.5 करोड़ की लागत और टिकट बिके सिर्फ 8 लाख के

चीन में ‘फ्लॉप’ हुई दुनिया की पहली 100% एआइ फिल्म, 12.5 करोड़ की लागत और टिकट बिके सिर्फ 8 लाख के

First AI-Generated Film: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) की मदद से शॉर्ट वीडियो, गाने और पोस्टर बनाना अब आम बात हो चुकी है, लेकिन जब बात थिएटर में टिकट खरीदकर पूरी फिल्म देखने की आई, तो दर्शकों ने एआइ को सीधे खारिज कर दिया। चीन में शुक्रवार को रिलीज हुई देश की पहली पूरी तरह से एआइ-जनरेटेड फीचर फिल्म ‘सेंसिंगदुई: फ्यूचर पास्ट’ को बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों की बहुत ठंडी प्रतिक्रिया मिली है।

यह फिल्म इस बात का एक बड़ा टेस्ट थी कि क्या मशीनें और एआइ एल्गोरिदम इंसानी सिनेमा, अभिनय और इमोशंस का मुकाबला कर सकते हैं या नहीं। अनुमान लगाया जा रहा है कि इसका कुल लाइफटाइम कलेक्शन लगभग 12 लाख रुपए भी नहीं पहुंच पाएगा, जो इसकी लागत का 1% भी नहीं है!

एडवांस बुकिंग पूरी तरह फ्लॉप

साइंस-फिक्शन थ्रिलर फिल्म को बनाने में लगभग 100 लोगों की टीम ने 2 साल से ज्यादा समय तक काम किया था। लागत 10 मिलियन युआन (लगभग 12.5 करोड़ रुपए) आई। चीन के टिकट प्लेटफॉर्म मायोन के मुताबिक, फिल्म के लिए 10,000 से ज्यादा शो तय किए गए थे। शुक्रवार को प्रीमियर की शाम तक फिल्म की एडवांस टिकट बिक्री महज 65,000 युआन (लगभग 8 लाख रुपए) ही हो सकी। इसमें किसी कैमरे या असली एक्टर का इस्तेमाल नहीं हुआ। फिल्म के सभी कैरेक्टर, आवाजें और बैकग्राउंड 1.2 मिलियन (12 लाख) से अधिक शुरुआती तस्वीरों की मदद से पूरी तरह से एआई जनरेटेड हैं।

यह है फिल्म की कहानी

फिल्म एक पुरातत्वविद् की कहानी है जो चीन के प्रसिद्ध ‘सेंसिंगदुई’ संस्कृति के प्राचीन कांस्य प्रतीकों और एल्गोरिदम पर अत्यधिक निर्भर भविष्य के समाज के बीच संबंध तलाशता है। कहानी दर्शाती है कि कैसे ये प्राचीन प्रतीक मानवता को भविष्य के तकनीकी संकट से बचा सकते हैं।

हॉलीवुड भी कस रहा कमर!

  1. कतार में फिल्म..गॉड्स डॉन्ट गिव गिफ्ट्स

अमरीका में एआइ-जनरेटेड यह साइंस-फिक्शन फिल्म 4 दिसंबर को रिलीज होने वाली है। निर्देशन लोकप्रिय यूट्यूब क्रिएटर ज़ैक लंदन ‘गॉसिप गोब्लिन’ ने किया है। यह फिल्म ‘नीरो क्रेडल’ नाम के एक काल्पनिक ग्रह पर आधारित है।

  1. कतार में किरदार..अभिनेत्री टिली नोरवुड

हॉलीवुड में डिजिटल एक्ट्रेस ‘टिली नॉरवुड’ बहुत वायरल हो रही है, जो आगामी फिल्म ‘मिसअलिग्न्मेंट’ में मुख्य भूमिका निभाती दिखेगी। इसे डच अभिनेत्री, कॉमेडियन और टेक विशेषज्ञ एलाइन वैन डेर वेल्डन ने किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *