चित्रकूट जिले के सरधुवा थाना क्षेत्र में एक किशोरी ने अपने गांव के युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। किशोरी का कहना है कि युवक ने शादी का वादा कर उसे दिल्ली बुलाया और फिर दुष्कर्म किया। मंगलवार को आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। 16 साल की किशोरी मंगलवार को अपने परिवार के साथ थाने पहुंची। उसने बताया कि गांव का 24 साल का इंद्रजीत निषाद दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। इंद्रजीत ने प्यार में शादी का वादा कर उसे दिल्ली बुलाया था। किशोरी परिवार को बताए बिना दिल्ली चली गई। वहां युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में शादी करने से मुकर गया। परेशान होकर किशोरी दिल्ली में अपनी बहन के घर गई और उसे पूरी बात बताई। मंगलवार को किशोरी और उसका परिवार गांव पहुंचे। दोनों परिवारों के बीच पंचायत भी हुई, लेकिन कोई बात नहीं बनी। थाना प्रभारी श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि किशोरी के परिवार की शिकायत पर इंद्रजीत के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

