चिखोदरा ओवरब्रिज पर एसटी बस ने युवक को कुचला, मौके पर मौत, फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस

 चिखोदरा ओवरब्रिज पर एसटी बस ने युवक को कुचला, मौके पर मौत, फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस

आणंद. शहर के चिखोदरा ओवरब्रिज पर रविवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान आणंद तहसील के वघासी निवासी 23 साल के तीर्थ पटेल के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार, युवक अपने स्कूटर से वधासी से आणंद जा रहा था। चिखोदरा चौराहे की ओर से आते हुए राजोडपुरा के पास चिखोदरा ओवरब्रिज पर चढ़ते समय बोडेली से खेड़ा की ओर जा रही एसटी बस ने उसके स्कूटर को टक्कर मार दी। टक्कर के कारण युवक उछलकर सड़क पर जा गिरा। इससे पहले कि वह संभल पाता, बस का पिछला पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। इस दुर्घटना में घटनास्थल पर ही युवक की मौत हो गई।

बस छोड़कर चालक फरार

हादसे के बाद एसटी बस चालक बस को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटना की आवाज सुनकर और घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने पर आणंद ग्रामीण पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। मृतक के पास मिले मोबाइल फोन की जांच के दौरान उसके पीछे पासपोर्ट आकार का फोटो मिला। घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय युवकों ने फोटो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। कुछ ही समय में मृतक की पहचान वधासी निवासी तीर्थ पटेल के रूप हुई।
पहचान होने के बाद सूचना मिलने पर वधासी के कई युवक, तीर्थ के पिता मनोज पटेल तथा अन्य रिश्तेदार घटनास्थल पर पहुंचे। पुत्र की मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आणंद जनरल अस्पताल पहुंचाया। साथ ही दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज करने की कार्रवाई की। पुलिस फरार एसटी बस चालक की तलाश में जुटी है।

शव देखकर बेसुध हुए पिता

सड़क हादसे में पुत्र की मौत की खबर मिलते ही पिता मनोज पटेल घटनास्थल पर पहुंचे। वहां बेटे का शव देखकर वे भावुक होकर टूट पड़े। जवान बेटे की दर्दनाक मौत का दृश्य देखकर पिता बेसुध हो गए। इस दौरान रिश्तेदारों और परिचितों ने उन्हें संभाला और सांत्वना दी। गौरतलब है कि मनोज की पत्नी का कुछ समय पहले ही निधन हुआ था। तीर्थ उनके लिए बुढ़ापे का सहारा था।

विधायक ने मृतक के परिजनों को बंधाया ढांढस

सूचना मिलने पर विधायक हर्षद परमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और दुख की घड़ी में परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *