इंदौर की तेजाजी नगर पुलिस ने पिस्टल, रिवॉल्वर और कारतूस के साथ महू निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चार पिस्टल/रिवॉल्वर और चार कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हथियारों की खरीद-फरोख्त और उन्हें आगे पहुंचाने वाले नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। डीसीपी नरेंद्र रावत की टीम ने महू के शांति नगर निवासी मिथलेश लश्करी को नायता मुंडला क्षेत्र से पकड़ा। पुलिस के मुताबिक आरोपी बाइक से इलाके में आया था। तलाशी के दौरान उसके पास से हथियार और कारतूस मिले। पुलिस ने उसकी बाइक भी बरामद कर ली है। पूछताछ में मिथलेश ने पुलिस को बताया कि वह करीब डेढ़ लाख रुपए में हथियार धार के धामनोद से लेकर आया था। अब पुलिस यह पता लगा रही है कि वह हथियार किसे देने जा रहा था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। कमीशन पर हथियार डिलीवरी की आशंका पुलिस को आशंका है कि मिथलेश कमीशन लेकर हथियारों की डिलीवरी करता है। हालांकि, शुरुआती पूछताछ में उसने किसी अन्य व्यक्ति के नाम का खुलासा नहीं किया है। पुलिस उसके मोबाइल और संपर्कों की भी जांच कर रही है। अपहरण और मारपीट का केस भी दर्ज पुलिस के मुताबिक मिथलेश के खिलाफ बाणगंगा थाने में मारपीट और अपहरण का मामला भी दर्ज है। अब पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और हथियारों की तस्करी से जुड़े संभावित कनेक्शन की जांच कर रही है।

