चंबल के बीहड़ में 3-फीट गड्‌ढे में छिपाई थी ज्वेलरी:2 महीने उदयपुर में मजदूरी करते हुए रेकी की; 1 करोड़ की चोरी मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार

चंबल के बीहड़ में 3-फीट गड्‌ढे में छिपाई थी ज्वेलरी:2 महीने उदयपुर में मजदूरी करते हुए रेकी की; 1 करोड़ की चोरी मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार

उदयपुर में करीब डेढ़ महीने पहले ज्वेलरी शोरूम में हुई एक करोड़ रुपए की कीमत के आभूषण चोरी मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। की हाथीपोल थाना पुलिस ने पंचवटी स्थित नवीन ज्वेलर्स शोरूम में हुई एक करोड़ की चोरी के मामले में 3 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनसे 60 लाख रुपए के सोना-चांदी और हीरे की ज्वेलरी बरामद की है। मामले का खुलासा करते हुए उदयपुर एसपी डॉ अमृता दुहन ने बताया कि आरोपियों ने चम्बल के बीहड़ों में 3 फीट गहरे गड्डे में चोरी का माल छिपाया था। वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करते। कहीं भी ऑनलाइन ट्रांजेक्शन नहीं करते और नकद किराया देकर ही ट्रेन-बसें बदलते थे। ताकि पुलिस को इनका सुराग नहीं मिल सके। उदयपुर, कोटा, धौलपुर से लेकर आगरा तक के करीब 200 सीसीटीवी कैमरे खंगालकर पुलिस इन आरोपियों तक पहुंची। ये अंतरराज्यीय चोर गिरोह है, जो दूसरे राज्यों में जाकर वारदात करता है। 3 को पकड़ा, एक फरार की तलाश जारी पुलिस ने आरोपी धनपाल (24) उर्फ धान्धु वर्मा निवासी आगरा यूपी, आनंद (26) उर्फ कुकडिया वर्मा निवासी आगरा यूपी और गुड्डू (27) पिता राजाराम राठौड़ निवासी आगरा यूपी को गिरफ्तार किया। इनमें धनपाल के खिलाफ पहले से 3 मामले और आनंद के खिलाफ चोरी-नकबजनी के 2 ​मामले दर्ज हैं। वहीं फरार चल रहे मनोज उर्फ डॉक्टर वर्मा की तलाश जारी है। 2 महीने पहले उदयपुर मजदूरी करने आए और रेकी की एसपी ने बताया- वारदात से करीब 2 महीने पहले आरोपी मनोज उर्फ डॉक्टर वर्मा और आनंद वर्मा उदयपुर में मजदूरी करने आए थे। उसी दौरान इन्होंने नवीन ज्वेलर्स की रेकी की। इसके बाद गैंग ने योजना बनाई और अपने अन्य साथियों को उदयपुर बुलाया। फिर पैदल ही गुमानिया नाले में उतरकर ज्वेलर्स के शोरूम में पहुंचे और वारदात को अंजाम दिया। तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और बाकी बचे माल की बरामदगी के प्रयास कर रहे हैं। 29 जुलाई की रात हुई थी वारदात उदयपुर में नवीन ज्वैलर्स के प्रोपराइटर नवीन स्वरूपरिया ने हाथीपोल थाने में 30 जुलाई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक 29 जुलाई की रात चोर दुकान का साइड शटर उखाड़कर और कांच का दरवाजा तोड़कर शोरूम में घुसे थे। चोर शोरूम से करीब 22 लाख रुपए के हीरे, 390 ग्राम सोने के आभूषण, 12 किलो चांदी के आभूषण और बर्तन सहित 9.75 लाख रुपए नकद चोरी कर ले गए थे। चोरी हुए माल की कुल कीमत करीब एक करोड़ रुपए बताई गई थी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *