चंदौली में बारिश का कहर:सकलडीहा में सरकारी दफ्तर जलमग्न, मकान ढहा; सैकड़ों बीघा फसल डूबी

चंदौली में बारिश का कहर:सकलडीहा में सरकारी दफ्तर जलमग्न, मकान ढहा; सैकड़ों बीघा फसल डूबी

चंदौली के सकलडीहा क्षेत्र में लगातार दो दिनों से हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। तेज बारिश के कारण जहां कई सरकारी संस्थानों के परिसर जलमग्न हो गए, वहीं अमावल गांव में एक मकान ढहने से परिवार बेघर हो गया। लेहरा-मनिहरा ड्रेन का तटबंध टूटने से सैकड़ों बीघा खेत पानी में डूब गए हैं। कई इलाकों में पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति और आवागमन भी प्रभावित हुआ। दोनों बिजली उपकेंद्र समेत कई संस्थान पानी में डूबे लगातार बारिश से सकलडीहा कस्बे में स्थित तहसील और ग्रामीण बिजली उपकेंद्र के परिसर में पानी भर गया। इसके अलावा सकलडीहा पीजी कॉलेज, इंटर कॉलेज, डायट और कृषि उपसंभागीय कार्यालय भी जलभराव की चपेट में आ गए। संस्थानों में पानी भरने से कर्मचारियों और लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई। अमावल में मकान गिरा, परिवार बेघर बारिश के कारण अमावल गांव निवासी गोपाल राम का मकान ढह गया। हादसे के बाद परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। प्रभावित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग की है। लगातार बारिश के चलते क्षेत्र में कच्चे और कमजोर मकानों को लेकर भी ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। ड्रेन का तटबंध टूटा, सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न लेहरा-मनिहरा ड्रेन का तटबंध टूटने से आसपास के खेतों में पानी भर गया। इससे सैकड़ों बीघा कृषि भूमि जलमग्न हो गई है। किसानों को धान समेत अन्य फसलों के नुकसान की चिंता सताने लगी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बारिश इसी तरह जारी रही तो नुकसान और बढ़ सकता है। पेड़ गिरने से 12 घंटे बिजली गुल मंगलवार को पेड़ गिरने के कारण चहनिया फीडर की बिजली आपूर्ति करीब 12 घंटे तक बाधित रही। बिजली कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ हटाया और आपूर्ति बहाल की। ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह पेड़ों की टहनियां टूटकर सड़कों पर गिरने से आवागमन भी प्रभावित हुआ। सड़कों पर जलभराव, राहगीरों की बढ़ी परेशानी लगातार बारिश से ग्रामीण मार्गों और प्रमुख सड़कों पर जगह-जगह पानी भर गया है। कई स्थानों पर पेड़ों की शाखाएं गिरने से रास्ता बाधित हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक बारिश के कारण रोजमर्रा के कामकाज पर भी असर पड़ा है। खेतों में पानी भरने से किसानों की परेशानी और बढ़ गई है। प्रशासन ने नुकसान के आकलन का दिया भरोसा बारिश से हुए नुकसान को लेकर प्रभावित लोगों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। सकलडीहा तहसीलदार अनुराग सिंह ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। बारिश से हुए नुकसान का आकलन कराया जाएगा और प्रभावित लोगों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *