घर में बुजुर्ग महिला से लूट, मुंह में कपड़ा ठूंसा:पैरों पर धारदार हथियार से किए वार, चांदी का कड़ा निकाल ले गए

घर में बुजुर्ग महिला से लूट, मुंह में कपड़ा ठूंसा:पैरों पर धारदार हथियार से किए वार, चांदी का कड़ा निकाल ले गए

सवाई माधोपुर में घर में अकेली बुजुर्ग महिला के पैर पर धारदार हथियार से हमला कर बदमाश एक पैर से चांदी का कड़ा निकालकर फरार हो गए। बदमाशों ने महिला के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया था। महिला का पोता स्कूल से घर पहुंचा तो घटना का पता चला। सूचना पर खेत से घरवाले पहुंचे। घायल महिला को जिला हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। वारदात गुरुवार को दिनदहाड़े करीब 11 बजे के कुंडेरा थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में हुई। बेटा खेती के काम से खेत गया था बुजुर्ग महिला के बेटे रामावतार ने बताया कि शेरपुर निवासी मथुरा देवी (75) पत्नी स्वर्गीय गोपाल माली घर पर अकेली थीं। रामावतार सुबह खेती के काम से खेत पर चले गए थे। करीब 11 बजे उनका बच्चा स्कूल से घर पहुंचा। उसने मथुरा देवी को घायल हालत में देखा और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर रामावतार घर पहुंचे तो उनकी मां के मुंह में कपड़ा भरा हुआ था और पैर से खून बह रहा था। रामावतार के अनुसार बदमाशों ने उनकी मां के पैर पर धारदार हथियार से हमला किया और करीब डेढ़ किलो वजनी चांदी के कड़े निकालकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की घटना की सूचना कुंडेरा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद घायल मथुरा देवी को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *