हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र में न्यायालय के आदेश पर छह लोगों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट, छेड़खानी और लूटपाट के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामला 26 फरवरी 2026 को होली के दिन हुई घटना से जुड़ा है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हाकिम, उसके भाई सोनू और मौनू, पप्पू, अर्जुन तथा बॉबी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित के मुताबिक, वह पहले दर्ज एक मुकदमे में अलीगढ़ जिला कारागार में रह चुका था। जमानत मिलने के बाद विवाद के डर से वह बल्लभगढ़ में मजदूरी करने चला गया था। 26 फरवरी को होली मनाने गांव आया था। आरोप है कि शाम करीब सात बजे हाकिम, सोनू, मौनू, पप्पू, अर्जुन और बॉबी लाठी-डंडे लेकर उसके घर में घुस आए। आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। बचाने पहुंची पत्नी और मां से भी मारपीट का आरोप शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पीड़ित को बचाने पहुंची उसकी पत्नी और मां के साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित ने अर्जुन, सोनू और मौनू पर उसकी पत्नी के साथ अभद्रता और कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया है। साथ ही आरोप है कि उसकी मां के सोने के कुंडल और पिता की जेब से 7,500 रुपये निकाल लिए गए। 112 पर दी थी सूचना, न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ केस पीड़ित के अनुसार, घटना के बाद आरोपित दोबारा गांव में दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। उसने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। बाद में पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर अब पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


