राजस्थान हाईकोर्ट ने श्रीगंगानगर के घड़साना में कोर्ट कॉम्प्लेक्स के लिए जमीन आवंटन मामले में वन विभाग से जानकारी मांगी है। मुख्य न्यायाधीश संजय कुमार अग्रवाल और न्यायाधीश बलजिंदर सिंह संधू की खंडपीठ ने वन विभाग के प्रधान सचिव और प्रधान मुख्य वन संरक्षक को शपथपत्र दाखिल करने का निर्देश दिया है। बार एसोसिएशन घड़साना ने जनहित याचिका दायर कर कोर्ट कॉम्प्लेक्स के लिए भूमि आवंटन की मांग की थी। सुनवाई के दौरान वन विभाग ने कहा कि वे जमीन का कब्जा देने और एनओसी जारी करने को तैयार हैं। हालांकि, वन विभाग ने अपने रेंज कार्यालय के लिए किसी अन्य जगह पर जमीन मांगी है। राज्य सरकार ने बताया कि जिला कलेक्टर को आवंटन पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन वन विभाग की एनओसी जरूरी होगी। हाईकोर्ट ने वन विभाग के अधिकारियों से 15 मार्च 2024 को भेजे गए पत्र पर की गई कार्रवाई का विवरण मांगा है। जल्द सुनवाई के लिए अगली तारीख 12 अक्टूबर तय की गई है।

